CG News: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर HNLU ने मेस फीस 5% बढ़ाई, छात्रों को अब करना होगा सालाना करीब 2 हजार रुपये अतिरिक्त खर्च
हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय
CG News: छत्तीसगढ़ के हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU) ने हॉस्टल में रहने वाले विद्यार्थियों की मेस फीस में 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीते दो वर्षों से बढ़ती महंगाई के बावजूद मेस शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया था, लेकिन अब खाद्य सामग्री, गैस और परिवहन पर बढ़े खर्च को देखते हुए यह संशोधन किया गया है.
नई दरें लागू
नई दरों के तहत अब प्रत्येक छात्र से प्रतिदिन 147 रुपये की जगह 154.35 रुपये मेस शुल्क लिया जाएगा. यानी हर दिन 7.35 रुपये अतिरिक्त देने होंगे. यदि किसी छात्र का हॉस्टल में रहने का समय एक शैक्षणिक सत्र में लगभग 260 दिन माना जाए, तो उसे पूरे सत्र के दौरान करीब 2,000 रुपये अधिक खर्च करने पड़ेंगे.
महंगाई बनी वजह
विश्वविद्यालय ने बताया कि हाल के वर्षों में कमर्शियल एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे भोजन तैयार करने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लागत बढ़ गई है. इसी वजह से मेस संचालित करने वाले कैटरिंग ठेकेदार ने शुल्क में 10 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव दिया था. हालांकि, प्रशासन के साथ हुई चर्चा के बाद इसे घटाकर 5 प्रतिशत पर सहमति बनी.
विश्वविद्यालय ने दी सफाई
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि मेस शुल्क से विश्वविद्यालय को किसी प्रकार का आर्थिक लाभ नहीं मिलता. छात्रों से प्राप्त पूरी राशि कैटरिंग सेवा उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को दी जाती है, जबकि विश्वविद्यालय केवल मेस संचालन की निगरानी, ऑडिट और समन्वय की जिम्मेदारी निभाता है.
सुविधाओं का भी होगा विस्तार
इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने जानकारी दी कि हॉस्टल के सी और डी ब्लॉक के डाइनिंग हॉल को एयर कंडीशनिंग सुविधा से लैस किया गया है. साथ ही, मौजूदा शैक्षणिक सत्र के दौरान मेस और हॉस्टल से जुड़ी अन्य सुविधाओं के विस्तार और नवीनीकरण की भी योजना बनाई गई है.