मनचलों की खैर नहीं! रायपुर में गरबा पंडालों में सादे ड्रेस में तैनात रहेगी महिला पुलिस, हरकतों पर होगी पैनी नजर
गरबा पंडालों में तैनात रहेगी महिला पुलिसकर्मी
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है. इसके तहत पिंक पेट्रोल यूनिट के जरिए महिला पुलिसकर्मी अंडरकवर ऑपरेशन चलाएंगी. ये पुलिसकर्मी गरबा की पोशाक में आम प्रतिभागियों के बीच मौजूद रहेंगी और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ या अभद्र व्यवहार करने वालों पर नजर रखेंगी.
पंडालों के अंदर और प्रवेश द्वारों पर होगी तैनाती
पुलिस कमिश्नर की ओर से शनिवार, 17 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के अनुसार, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती गरबा पंडालों के अंदर और प्रवेश द्वारों पर की जाएगी. इसके साथ ही आयोजन स्थलों के आसपास पुलिस के पेट्रोलिंग वाहन लगातार गश्त करेंगे. किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी.
बिना डर के उत्सव में शामिल होने की अपील
नवरात्रि के उत्सव में शामिल होने वाली महिलाओं और युवतियों से पुलिस ने बिना किसी डर के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने की अपील की है. पुलिस का उद्देश्य गरबा आयोजनों के दौरान सुरक्षित माहौल बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है.
हेल्पलाइन नंबर पर कर सकेंगी शिकायत
महिलाओं की सहायता के लिए पुलिस ने हेल्पलाइन नंबर 9479210932 जारी किया है. इसके अलावा आपातकालीन स्थिति में 112 नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शिकायत करने वाली महिला की पहचान गोपनीय रखी जाएगी. इस पहल के जरिए पुलिस गरबा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने की तैयारी में है.
ये भी पढे़ंं- बस्तर दशहरा में बड़ा हादसा टला, फूल रथ बिजली के पोल से टकराया, बाल-बाल बचे श्रद्धालु