खबर का असरः 24 घंटे में दुरुस्त हुआ कुम्हारी पुराना पुल, गहरे गड्ढों से मिली राहत
रायपुर. बाढ़ और बारिश के बाद चंदनीडीह स्थित कुम्हारी पुराने पुल पर सड़क की बदहाली और डेढ़ से दो फीट गहरे गड्ढे वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बने हुए थे. इस समस्या को लेकर विस्तार न्यूज ने खबर प्रमुखता दिखाई और प्रकाशित की थीं. इसके बाद महज 24 घंटे के भीतर सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को दुरुस्त कर दिया गया है. इससे अब पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को राहत मिली है.
ये थी विस्तार न्यूज की वो खबरः बाढ़ के बाद राजधानी की सड़कें बदहाल, ये तस्वीरें देखकर उड़ जाएंगे आपके होश
पुल पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से सड़क और गड्ढे के बीच अंतर दिखाई नहीं देता था. यहां कुछ राहगीर दुर्घटना का शिकार होते-होते बचे थे.

रिंग रोड-2 पर अब भी परेशानी
दूसरी ओर हीरापुर-तेंदुआ (गुमा) रिंग रोड नंबर-2 के करीब पांच किलोमीटर हिस्से में कई स्थानों पर बड़े गड्ढे अब भी वाहन चालकों के लिए परेशानी बने हुए हैं. बारिश रुकने के बाद इन हिस्सों से तेज रफ्तार वाहनों के गुजरने पर धूल के गुबार उठ रहे हैं. इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है.
मुख्यमंत्री ने दिए थे तत्काल मरम्मत के निर्देश
बारिश के कारण खराब हुई सड़कों से नागरिकों को हो रही परेशानी को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिला कलेक्टरों को सड़कों का तत्काल निरीक्षण करने और बारिश थमते ही युद्धस्तर पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए थे. लोक निर्माण मंत्री और विभागीय सचिव स्तर से भी सड़क सुधार को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं.
10 दिन में मांगी क्षतिग्रस्त सड़कों की जानकारी
लोक निर्माण विभाग ने अब मैदानी अधिकारियों से बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों और पुल-पुलियों की जानकारी मांगी है. पुनर्निर्माण या विशेष मरम्मत की जरूरत वाले हिस्सों का प्राक्कलन 10 दिन के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं. सड़क और पुलों की मरम्मत के लिए एफडीआर की स्वीकृति प्राथमिकता से जारी करने को कहा गया है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेः रायपुर: कौन है मोनिका सचदेव, जिसे 17 अपराधों के बाद किया गया जिला बदर?