Mahasamund: चोरी की बाइक बेचने पहुंचा था चोर, एक गलती से खुल गए 12 राज, आरोपी गिरफ्तार
बसना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
Mahasamund Bike Chor: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए बड़ा खुलासा किया है. जिले की बसना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसने कबूल किया कि उसने जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से करीब 12 बाइक चोरी की हैं. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई सभी 12 बाइक बरामद कर ली है. लेकिन ये शातिर आरोपी पकड़ा कैसे गया. आखिर पुलिस को इसका सुराग कहां से मिला, आइए जानते हैं.
1 गलती और पकड़ा गया शातिर
दरअसल पुलिस को 1 सितंबर को सूचना मिली थी कि आरोपी टिकेश्वर बाघ चोरी की बाइक बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जगदीशपुर रोड पहुंचा है. बस फिर क्या था पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी शुरू कर दी और आरोपी पकड़ा गया. चोर को इत तरह से खुलेआम बाइक बेचने के लिए ग्राहक खोजना भारी पड़ गया है. पुलिस ने जब आरोपी से पूछताछ की उसने कई बाइक चोरी की बात कबूल की.
11 अगस्त को दर्ज हुई थी शिकायत
ये पूरा मामला 11 अगस्त को शुरु हुआ था जब नरेश डडसेना ने बसना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल गढ़फुलझर से चोरी हो गई है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी. इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के जरिए गाड़ी चोरी करने वाले के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी.
आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया
गिरफ्तार आरोपी से जब पुलिस ने पूछताछ की तो उसने कबूल किया कि बसना, सरायपाली, सांकरा, पिथौरा और पटेवा थाना क्षेत्रों से कुल 12 मोटरसाइकिलें चोरी की थीं. इन सभी बाइकों को ग्राम सावित्रीपुर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छिपाकर रखा गया था. पुलिस ने सभी बाइक जब्त कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी हैं.
ये भी पढ़ेंः AAP नेता सत्येंद्र जैन को बड़ी राहत, दिल्ली जल बोर्ड केस में मिली जमानत