Raipur News: ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी की पिटाई, सरकारी बाइक में तोड़फोड़
Raipur News:रायपुर. पुलिस विभाग के डीसीपी क्राइम/साइबर कार्यालय में पदस्थ स्टेनो के साथ ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि ट्रैफिक जाम के दौरान दो युवकों ने पुलिसकर्मी से विवाद करते हुए उसके साथ मारपीट की और शासकीय मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ की.
पुलिसकर्मी द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 5 सितंबर को वह डीसीपी क्राइम कार्यालय में पदस्थ आरक्षक क्रमांक 1329 के साथ शासकीय मोटरसाइकिल से शासकीय कार्य के लिए पुराना पीएचक्यू लौट रहा था. रास्ते में ट्रैफिक जाम होने के कारण वह ड्यूटी पर तैनात सहायक उप निरीक्षक से बातचीत कर रहा था.
इसी दौरान सामने खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG04PA9804 पर चालक मनीष यदु और पीछे बैठे कमलेश कुशवाहा ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी से विवाद शुरू कर दिया. शिकायत के मुताबिक, कमलेश ने पुलिसकर्मी को अपशब्द कहे. जब पुलिसकर्मी ने पुलिस अधिकारी से इस तरह गाली-गलौज करने पर आपत्ति जताई तो दोनों युवक उसके पास पहुंचे और मारपीट करने लगे.
मारपीट में पुलिसकर्मी की पीठ, दाहिने कंधे और गाल में चोट लगने की बात शिकायत में कही गई है. आरोप है कि घटना के दौरान दोनों युवकों ने शासकीय मोटरसाइकिल CG03/4736 में भी तोड़फोड़ की, जिससे उसकी हेडलाइट सहित अन्य पार्ट्स टूट गए. अब पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी हैं.
ये खबर भी जरूर पढ़ेः Raipur News: ‘साले ने जीजा को दी धमकी’, 5 करोड़ नहीं दिए तो टुकड़े करवा दूंगा… FIR दर्ज