दीपावली पर बस्तर पहुंचेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, CM साय ने किया अभिनंदन
बस्तर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर बस्तर में विशेष उत्साह का माहौल है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली के पावन अवसर पर बस्तर के करनपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) कैंप पहुंचेंगे. इस दौरान वे देश की सुरक्षा में तैनात वीर जवानों से मुलाकात करेंगे और उनके साथ दीपावली का पर्व मनाएंगे. पीएम मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे पर मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट कर उनका अभिनंदन किया है.
प्रधानमंत्री की यह यात्रा देश की सुरक्षा में दिन-रात जुटे जवानों के त्याग, साहस और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करने का अवसर होगी. बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों के बीच तैनात सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाने का निर्णय उनके मनोबल और उत्साह को बढ़ाने वाला है.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, बस्तर की पावन धरा पर आपका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ की जनता के प्रति आपका विशेष स्नेह और आत्मीय लगाव हम सभी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। आपके यशस्वी नेतृत्व और मार्गदर्शन में बस्तर भय और हिंसा के अंधकार से निकलकर शांति, विश्वास और विकास के नए उजाले की ओर बढ़ रहा है। दीपावली के पावन अवसर पर हमारे वीर जवानों के बीच आपकी उपस्थिति उनके अदम्य साहस, त्याग और समर्पण का सम्मान है तथा उनका मनोबल बढ़ाने वाली है। इस शुभ अवसर पर आपको छत्तीसगढ़ की जनता की तरफ से दीपावली की हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। आपका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन छत्तीसगढ़ को निरंतर मिलता रहे, यही कामना है।
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) November 8, 2026
नक्सलवाद के साये से विकास की नई राह पर बस्तर
एक समय नक्सली हिंसा और भय के कारण पहचाना जाने वाला बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं.
प्रधानमंत्री के नेतृत्व और केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रयासों के बीच बस्तर में बदलाव की प्रक्रिया जारी है. सुरक्षा व्यवस्था के साथ विकास कार्यों को गति देने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि दूरस्थ अंचलों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंच सके.
जवानों के सम्मान और दीपावली की खुशियों का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जवानों के बीच दीपावली मनाना उन सुरक्षा कर्मियों के प्रति सम्मान का प्रतीक है, जो त्योहारों पर भी अपने परिवारों से दूर रहकर देश की सुरक्षा में तैनात रहते हैं.



