त्योहार खत्म होते ही ट्रेनों में बढ़ा यात्रियों का दबाव, रायपुर-बिलासपुर स्टेशन पर उमड़ी भीड़

रायपुर. दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद अब प्रवासियों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है. वहीं, छठ महापर्व में शामिल होने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है.
Special Train

स्पेशल ट्रेन

रायपुर. दीपावली का त्योहार संपन्न होने के बाद अब प्रवासियों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है. वहीं, छठ महापर्व में शामिल होने के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है. इसके चलते रायपुर और बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का भारी दबाव देखने को मिल रहा है. स्थिति यह है कि स्टेशन के प्लेटफॉर्म से लेकर प्रतीक्षालयों तक यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है. ट्रेनों के आते ही यात्रियों के बीच सीट और बर्थ पाने की होड़ मच रही है.

बुधवार शाम मुंबई-हावड़ा मेल के बिलासपुर स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. ट्रेन के आने की घोषणा होते ही बड़ी संख्या में यात्री जनरल और स्लीपर कोच की ओर दौड़ पड़े. ट्रेन रुकते ही चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. जनरल और स्लीपर कोच पहले से ही यात्रियों से भरे हुए थे. ऐसे में कई यात्रियों को ट्रेन के भीतर प्रवेश करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी.

सभी दिशाओं की ट्रेनों में बढ़ा दबाव

दीपावली के बाद मुंबई, हावड़ा, अहमदाबाद, पुणे, हैदराबाद और दिल्ली सहित विभिन्न शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की संख्या में अचानक इजाफा हुआ है. कामकाज के सिलसिले में दूसरे राज्यों में रहने वाले लोग त्योहार मनाकर वापस लौट रहे हैं. दूसरी ओर छठ पूजा के लिए बिहार और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की आवाजाही भी बढ़ गई है. इसके कारण ट्रेनों में आरक्षित सीटों के साथ ही सामान्य श्रेणी के डिब्बों में भी जगह मिलना मुश्किल हो रहा है.

प्रतीक्षालयों में भी पैर रखने की जगह नहीं

स्टेशन के प्रतीक्षालय और मुख्य कॉनकोर्स एरिया भी यात्रियों से भरे हुए हैं. बड़ी संख्या में यात्री अपने सामान के साथ फर्श पर बैठकर ट्रेन का इंतजार करते नजर आ रहे हैं. अनारक्षित टिकट खिड़कियों और यूटीएस मोबाइल ऐप सहायता केंद्रों पर भी सुबह से लंबी कतारें लग रही हैं. जनरल कोच में जगह नहीं मिलने के कारण कई यात्री गलियारों और शौचालय के आसपास खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं.

आरपीएफ और जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) के अतिरिक्त जवानों को प्लेटफॉर्म पर तैनात किया गया है. प्रमुख ट्रेनों के जनरल कोच के सामने रस्सियां लगाकर यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से चढ़ाया जा रहा है, ताकि भगदड़ जैसी स्थिति न बने. वहीं, मुख्य नियंत्रण कक्ष से अधिकारी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्लेटफॉर्मों की निगरानी कर रहे हैं. यात्रियों को ट्रेनों की सही जानकारी देने और उनकी सहायता के लिए अतिरिक्त उद्घोषणा तथा पूछताछ की व्यवस्था भी की गई है.

ज़रूर पढ़ें