रायपुर में गांजा बेचने निकले चार आरोपी गिरफ्तार, लाखों का गांजा बरामद

रायपुर. राजधानी में गांजा तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
delhi Crime News

रायपुर. राजधानी में गांजा तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें ओडिशा का एक अंतरराज्यीय आरोपी भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 4.395 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 19 हजार 750 रुपए बताई गई है. इसके अलावा गांजा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है.

 पहली कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम ने सरोना रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर जेपी गार्डन के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ा. दोनों दोपहिया वाहन में गांजा रखकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे. पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने पर उन्हें पकड़ लिया गया.

पूछताछ में आरोपियों की पहचान राधाकांत राणा (56) निवासी ग्राम खोलान, थाना टिटलागढ़, जिला बलांगीर, ओडिशा और परमानंद साहू (40) निवासी ग्राम पोहंदा, थाना अमलेश्वर, जिला दुर्ग के रूप में हुई. तलाशी में उनके पास से 2.522 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1 लाख 26 हजार 100 रुपए है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 1 लाख 66 हजार 100 रुपए का मशरूका जब्त किया है. इस मामले में आमानाका थाने में अपराध क्रमांक 381/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है.

मुक्तिधाम के पास बोरी में छिपाकर रखा था गांजा

दूसरी कार्रवाई में एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने रिंग रोड नंबर-1 स्थित मुक्तिधाम के पास दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया. दोनों गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे थे. पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.

आरोपियों की पहचान गणेश राम पटेल (55) और शेरा कुल्हरिया (30), दोनों निवासी सुभाष नगर देवारपारा, तेलीबांधा के रूप में हुई. उनके पास रखी बोरी की तलाशी लेने पर 1.873 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 93 हजार 650 रुपए है. दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में अपराध क्रमांक 508/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस चारों आरोपियों से गांजे की उपलब्धता, परिवहन और बिक्री नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. ओडिशा से गांजे की सप्लाई और स्थानीय स्तर पर इसे बेचने वाले संभावित लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है.

102 मामलों में 222 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स अब तक एनडीपीएस एक्ट के 102 मामलों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी हैं. इन कार्रवाइयों में कुल 7 करोड़ 39 लाख 28 हजार 670 रुपए कीमत के मादक पदार्थ और अन्य सामग्री जब्त की गई है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें