सुप्रीम कोर्ट की वकील और सिविल जज बताकर युवती से 1.88 लाख की ठगी
रायपुर. खुद को सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता और राजस्थान कैडर में चयनित सिविल जज बताकर एक युवती से 1 लाख 88 हजार रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है. आरोपी पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह ने युवती को उसके भाई के खिलाफ दर्ज शिकायत में राहत दिलाने और पुलिस कार्रवाई रद्द कराने का भरोसा दिलाया था. इसके लिए उसने पुलिस अधिकारियों और बड़े वकीलों से पहचान होने का हवाला देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली. बाद में जब युवती को आरोपी के दावों पर संदेह हुआ और उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने कथित तौर पर रकम लौटाने से इनकार कर दिया और धमकी भी दी. पीड़िता की शिकायत पर खमतराई पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) और 319(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
पुलिस के मुताबिक, शिवानंद नगर सेक्टर-3 निवासी 24 वर्षीय आरजू शर्मा निजी शिक्षिका हैं. उनकी पहचान पूजा सिंह से स्कूल के समय से थी. दोनों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से भी बातचीत होती थी. शिकायत के अनुसार, अप्रैल 2025 में पूजा ने इंस्टाग्राम पर खुद को अधिवक्ता बताते हुए तस्वीरें और स्टेटस साझा किए थे. उसने सुप्रीम कोर्ट में वकालत करने और वर्ष 2026 में राजस्थान कैडर में सिविल जज के पद पर चयन होने का दावा भी किया था.
आरजू के भाई आदित्य शर्मा की शादी 3 फरवरी 2026 को हुई थी. इसके बाद उनकी भाभी ने आरजू, उनके भाई और मां के खिलाफ क्रूरता एवं उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी. इस मामले में कानूनी मदद लेने के लिए आरजू ने पूजा से संपर्क किया. आरोप है कि पूजा ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों से अपनी पहचान होने का दावा करते हुए पूरे मामले में राहत दिलाने का भरोसा दिया.
दिल्ली से रायपुर आने भी मांगे पैसे
सितंबर 2026 के पहले सप्ताह में पूजा दिल्ली से रायपुर आने की बात कहकर पहुंची. आरजू ने 13 सितंबर को उसके यात्रा खर्च के लिए पांच हजार रुपए ऑनलाइन दिए. अगले दिन पूजा ने पहाड़ी चौक, गुढ़ियारी के पास अमानत उल्ला खान नामक व्यक्ति से मुलाकात कराई और उन्हें बड़ा वकील बताया.
इसके बाद 16 सितंबर को पूजा ने कथित तौर पर आरजू को बताया कि उसने मोहला-मानपुर चौकी के पुलिस अधिकारी मनीष से बात कर ली है. अधिकारी दो लाख रुपए मांग रहे हैं, जबकि अपने और वकील की फीस के नाम पर 50 हजार रुपए अतिरिक्त देने होंगे. इस पर आरजू ने अमानत उल्ला खान के जीपे पर 15 हजार और पूजा के खाते में पांच हजार रुपए भेजे. इसके बाद डेढ़ लाख रुपए नकद पूजा के घर जाकर दिए. वहां पूजा के भाई राहुल सिंह, मां और चाचा भी मौजूद थे. उन्होंने भी पूजा के जज बनने और काम करवा देने का भरोसा दिलाया.
उसी रात पूजा आरजू, उनके भाई और एक अन्य परिचित के साथ मोहला-मानपुर चौकी पहुंची. आरोप है कि वहां से पूजा ने एक क्यूआर कोड भेजकर प्राची शर्मा और उसके कथित बॉयफ्रेंड के कॉल रिकॉर्ड निकलवाने के नाम पर 18 हजार रुपए और मंगवाए. रकम मिलने के बाद उसने काम पूरा होने और केस में राहत मिलने की बात कही.
पैसे लौटाने से किया इनकार
कुछ दिनों बाद आरजू को पूजा के अधिवक्ता और सिविल जज होने के दावों पर संदेह हुआ. उन्होंने अमानत उल्ला खान से संपर्क किया तो उन्होंने पूजा से बात करने को कहा और बताया कि वह केस नहीं कर सकते. उनके मुताबिक, पूजा उनसे रकम ले चुकी थी और उनके पास केवल पांच हजार रुपए ही बचे थे. बाद में आरजू को जानकारी मिली कि पूजा ने कानून की पढ़ाई भी पूरी नहीं की है.
आरोप है कि इसके बाद पूजा ने आरजू को रायपुर कोर्ट बुलाकर फैमिली कोर्ट में याचिका दायर कराने के नाम पर 50 हजार रुपए और मांगे. संदेह होने पर आरजू और उनके भाई ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए. आरजू ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो पूजा ने पहले एक सप्ताह में कानूनी फीस काटकर पैसे लौटाने की बात कही, लेकिन बाद में इनकार कर दिया.
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 3 अक्टूबर को पैसे मांगने पूजा के घर पहुंचने पर उसने आरजू के साथ गाली-गलौज की और अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी. पीड़िता के अनुसार, अलग-अलग तारीखों में ऑनलाइन और नकद मिलाकर कुल 1 लाख 88 हजार रुपए दिए गए. शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने पूजा सिंह उर्फ मीठी सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी और प्रतिरूपण से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
