कान्हा किसली जा रहे थे रायपुर-दुर्ग के 5 दोस्त, बीच नदी में बह गई कार… टीआई ने कूदकर किया रेस्क्यू
रायपुर. रायपुर-दुर्ग के 5 दोस्तों का खैरागढ़-छुईखदान-गंडाई जिले की दनिया पुल में रेस्क्यू किया गया है. ये रेस्क्यू शनिवार रात करीब 3 बजे किया गया, जब उक्त दोस्तों की कार पानी में बह गई और वो किसी तरह बीच बहाव में पेड़ के सहारे बच गए. इसके बाद पीड़ितों ने 112 में फोन कर पुलिस से मदद मांगी और फिर गंडई थाना प्रभारी शिव शंकर गेदले ने इस सभी का सफल रेस्क्यू किया.
पुलिस के मुताबिक जिला केसीजी में 25 सितंबर को हुई लगातार भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच गंडई क्षेत्र के दनिया पुल पर बाढ़ के पानी के बीच एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस की मुस्तैदी और त्वरित रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण कार सहित बाढ़ में बहे 5 युवक-युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
स्टॉपर तोड़कर बाढ़ के पानी में घुसाई कार
पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर बाढ़ की संभावना को देखते हुए दनिया पुल पर सुरक्षा बल की ड्यूटी लगाई गई थी। 26 सितंबर की रात करीब 2:30 बजे रायपुर की ओर से आ रही एक सविफ्ट डिजायर कार (CG 04 PV 5636) के चालक ने लापरवाही पूर्वक पुल पर लगे पुलिस स्टॉपर को ठोकर मार दी।
पुल के दूसरे छोर पर तैनात पुलिस बल ने चिल्लाकर कार को आगे बढ़ाने से मना भी किया, लेकिन चालक ने बात अनसुनी कर कार को सीधे उफनती नदी के बीचों-बीच घुसा दिया। देखते ही देखते तेज बहाव के कारण कार सड़क से बहकर नदी की बीच मझधार में जाकर फंस गई और उसमें सवार सभी 5 लोग चीख-पुकार करने लगे।
रात के अंधेरे में गंडई पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन
ड्यूटी पर तैनात जवानों ने तुरंत इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही गंडई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भारी बारिश व अंधेरे के बीच सूझबूझ से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने बेहद सावधानी बरतते हुए एक-एक कर कार में फंसे सभी पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद सभी को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गंडई ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। सभी सुरक्षित हैं।
रायपुर और भिलाई के रहने वाले हैं सभी, जा रहे थे कान्हा किसली
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि कार में सवार सभी लोग रायपुर और भिलाई से मध्यप्रदेश के कान्हा किसली घूमने जा रहे थे। कार को कुबेर साहू चला रहा था। सुरक्षित बचाए गए लोगों के नाम इस प्रकार हैं:
1. कमलेश साहू (25 वर्ष) – गुढ़ियारी, रायपुर
2. कुबेर साहू (25 वर्ष) – कृष्णा नगर गुढ़ियारी, रायपुर (चालक)
3. निहाल सक्सेना (21 वर्ष) – कृष्णा नगर गुढ़ियारी, रायपुर
4. महक कौर (21 वर्ष) – कैंप 02, पावर हाउस भिलाई, दुर्ग
5. प्रीति रात्रे (20 वर्ष) – कैंप 01, रामनगर भिलाई, दुर्ग