ट्रेनों में CISF की महिला जवान भी सुरक्षित नहीं, हुई बड़ी चोरी
ट्रेनें
रायपुर. लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों के सामान की चोरी की घटनाएं सामने आई हैं. गोंडवाना एक्सप्रेस और भगत की कोठी एक्सप्रेस में सफर कर रहे दो यात्रियों के बैग अज्ञात चोरों ने पार कर दिए. दोनों मामलों में करीब 1.40 लाख रुपए के सामान की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है. जीआरपी रायपुर ने दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 305(सी) के तहत अपराध दर्ज कर घटनास्थल दूसरे राज्यों में होने के कारण प्रकरण संबंधित रेलवे पुलिस थानों को भेज दिए हैं.
पहली घटना 24 अक्टूबर की रात गोंडवाना एक्सप्रेस में हुई. दिल्ली से रायपुर आ रही सीआईएसएफ में कार्यरत सोनकन्या साहू एस-2 कोच की बर्थ नंबर 80 पर यात्रा कर रही थीं. बीना रेलवे स्टेशन पहुंचने से करीब पांच मिनट पहले रात 2.55 बजे उनका बैग चोरी हो गया. बैग में दो मोबाइल फोन, चांदी की दो जोड़ी पायल, सोने का एक कान का टॉप, ब्लूटूथ, सीआईएसएफ का पहचान पत्र और मेट्रो कार्ड रखा था. महिला ने इसकी सूचना रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर दी. शिकायत के आधार पर जीआरपी रायपुर में 25 अक्टूबर को शून्य प्राथमिकी दर्ज की गई. घटनास्थल बीना होने के कारण मामला जीआरपी बीना को भेजा गया है.
दूसरी घटना भगत की कोठी एक्सप्रेस में हुई. जोधपुर निवासी ओमप्रकाश शर्मा अपनी पत्नी मनीषा शर्मा के साथ ए-2 कोच की बर्थ नंबर 10 और 11 पर रायपुर आ रहे थे. 24 अक्टूबर की सुबह करीब 7.13 बजे ट्रेन जयपुर स्टेशन पहुंचने वाली थी, तभी उनकी पत्नी ने लेडीज पर्स गायब होने की जानकारी दी. पर्स में 20 हजार रुपए नकद, आईफोन, दोनों के आधार कार्ड और पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एसबीआई का एटीएम कार्ड तथा सौंदर्य प्रसाधन का सामान था. शिकायत में कुल 95 हजार रुपए के सामान की चोरी बताई गई है. दंपती ने कोच में तलाश करने के बाद हेल्पलाइन नंबर 139 पर शिकायत की और कोच कंडक्टर को भी जानकारी दी. जीआरपी रायपुर ने 25 अक्टूबर को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर घटनास्थल जयपुर होने के कारण प्रकरण संबंधित जीआरपी थाने को स्थानांतरित कर दिया. दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जांच की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः दिवाली पर जनता के साथ भोजन करेंगे भाजपा विधायक, छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी बोलीं- दूरियां मिटाएं