Vistaar NEWS

Raipur News: जहां किया काम… अब वहीं देना पड़ा धरना, सैलरी और ग्रेच्युटी का मामला

Raipur News: रायपुर. छत्तीसगढ़ में 108 संजीवनी एक्सप्रेस सेवा में कार्यरत रहे कर्मचारियों ने लंबित वेतन और ग्रेच्युटी राशि के भुगतान को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है. कर्मचारियों के अनुसार, पूर्व सेवा प्रदाता कंपनी जय अंबे इमरजेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड (Jai Ambey Emergency Services) ने फरवरी से मार्च 2026 तक का वेतन और सेवा समाप्ति के बाद देय ग्रेच्युटी का भुगतान अब तक नहीं किया है.

कर्मचारियों का कहना है कि कंपनी ने वर्ष 2019 से मार्च 2026 तक प्रदेश में 108 संजीवनी एंबुलेंस सेवा का संचालन किया था. सेवा समाप्त होने के बाद पूर्व कर्मचारियों का अंतिम भुगतान लंबित है. कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि नियमानुसार तय समय सीमा के भीतर अंतिम भुगतान किया जाना चाहिए था, लेकिन कई माह बीतने के बावजूद उनकी बकाया राशि का भुगतान नहीं हुआ है.

इस संबंध में कर्मचारियों की ओर से 20 अगस्त को कंपनी को ज्ञापन सौंपकर 23 अगस्त तक लंबित वेतन और ग्रेच्युटी का अंतिम भुगतान करने की मांग की गई थी. कर्मचारियों के मुताबिक, तय समय सीमा तक कंपनी की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई. इसके विरोध में पूर्व कर्मचारी सोमवार 24 अगस्त को रायपुर के तेलीबांधा स्थित एटीएम चौक, अवंती विहार, ग्लोबल टावर, शंकर नगर स्थित जय अंबे इमरजेंसी सर्विस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय का घेराव कर धरना प्रदर्शन करेंगे. कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित वेतन और ग्रेच्युटी का भुगतान कराने की मांग की है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ः आसमान से आई मौत CCTV में हुई कैद, खेत में काम करने के बाद घर जा रही थी महिला

Exit mobile version