Smriti Irani CG Visit: छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंची बीजेपी की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने रविवार को अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना. कार्यक्रम में उनके साथ सीएम साय भी मौजूद रहे. इस दौरान वे सीएम और कार्यकर्ताओं के साथ जमीन पर बैठी नजर आईं, जिसकी तस्वीरें उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साझा की हैं.
स्मृति ईरानी ने क्या लिखा ?
स्मृति ईरानी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान अभनपुर विधानसभा क्षेत्र में मन की बात कार्यक्रम का श्रवण किया. स्मृति ईरानी ने बताया कि इस बार के मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’, नारीशक्ति और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे अहम विषयों पर अपनी बात रखी.
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान आज रायपुर ग्रामीण जिला अंतर्गत अभनपुर विधानसभा में माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 139वीं कड़ी का श्रवण किया। इस कड़ी में, हैंडलूम के क्षेत्र में नई पहचान गढ़ती नारीशक्ति, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और जनभागीदारी से हो रहे सकारात्मक बदलावों की प्रेरक कहानियाँ को प्रधानमंत्री जी ने रेखांकित किया। बिहार के मखाने का ग्रीस तक पहुँचना #VocalForLocal की सफलता का बड़ा उदाहरण है। #MannKiBaat के 12 वर्ष पूर्ण होने पर माननीय प्रधानमंत्री जी एवं समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई। ‘मन की बात’ की यह यात्रा देश के कोने-कोने से प्रेरक कहानियों को सामने लाने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को सशक्त करने का प्रेरक माध्यम है।
— Smriti Z Irani (@smritiirani) October 25, 2026
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देशवासियों को आत्मनिर्भर भारत और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया.साथ ही प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के 12 साल पूरे होने पर देशवासियों को बधाई भी दी. स्मृति ईरानी ने पीएम के संदेश को प्रेरणादायी बताया.
मन की बात के बाद लीं तीन बैठकें
मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद स्मृति ईरानी तुरंत संगठनात्मक काम में जुट गईं. जानकारी के मुताबिक, उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ तीन अहम बैठकें लीं.
