10वीं और 12वीं की परीक्षा में अंक बढ़ाने के लिए आपको भी आ रहे फोन ? जानिए क्या करें

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या उत्तीर्ण कराने के नाम पर फोन कॉल या किसी अन्य माध्यम से संपर्क किया जाता है, तो उस पर भरोसा न करें.

रायपुर. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने कक्षा 10वीं और 12वीं की दूसरी मुख्य-अवसर परीक्षा के परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को फर्जी कॉल से सावधान रहने की अपील की है. उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के बीच ठग सक्रिय हो सकते हैं और परीक्षा में अंक बढ़ाने अथवा फेल विद्यार्थी को पास कराने का झांसा देकर पैसों की मांग कर सकते हैं.

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा परीक्षा परिणाम में सुधार, अंक बढ़ाने या उत्तीर्ण कराने के नाम पर फोन कॉल या किसी अन्य माध्यम से संपर्क किया जाता है, तो उस पर भरोसा न करें. ऐसे किसी भी व्यक्ति को पैसे देने या किसी प्रकार का लेन-देन करने से बचें. मंडल ने इस तरह के मामलों की शिकायत नजदीकी पुलिस थाने में करने की सलाह दी है.

माशिमं के अनुसार, दूसरी मुख्य-अवसर परीक्षा जुलाई में आयोजित की गई थी और वर्तमान में उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया चल रही है. इसी दौरान पूर्व परीक्षाओं में सामने आए फर्जी कॉल के मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों को पहले से सतर्क किया गया है.

माशिमं के नाम पर ठगी की कोशिश

पिछले कुछ वर्षों में भी दसवीं- बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम से पहले इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं. वर्ष 2024 में छत्तीसगढ़ में अभिभावकों को फोन कर ये दावा किया गया था कि उनका बच्चा एग्जाम में फेल हो गया है और पैसे देने पर उसे पास कराया जा सकता है. कुछ मामलों में ठगों ने विद्यार्थियों का नाम और रोल नंबर तक बताकर अभिभावकों का भरोसा जीतने की कोशिश की थी.

फर्जी कॉल करने वाले खुद को माशिमं का कर्मचारी या अधिकारी बताकर परीक्षा परिणाम में सुधार और नंबर बढ़ाने का झांसा दे सकते हैं. इसके बाद रकम की मांग की जाती है. माशिमं ने साफ किया है कि ऐसे फर्जी कॉल का मंडल से कोई संबंध नहीं है.

पैसे मांगने पर तुरंत करें शिकायत

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि परीक्षा परिणाम या अंकों से संबंधित किसी भी दावे पर विश्वास न करें. फोन करने वाले को व्यक्तिगत जानकारी, बैंक संबंधी जानकारी या पैसे उपलब्ध न कराएं. यदि इस प्रकार का फोन कॉल आता है तो उसकी जानकारी सुरक्षित रखते हुए नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, जिससे ऐसे ठगों पर कार्रवाई हो सके.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः मुंबई की Biker Girl की छत्तीसगढ़ में मौत, Instagram में डाली थी स्टोरी… Let’s Explore Bastar

ज़रूर पढ़ें