CG School Reopen: छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई से नहीं इस तारीख से खुलेंगे स्कूल, शिक्षा विभाग ने जारी किया निर्देश
छत्तीसगढ़ में 16 जून से ही खुलेंगे स्कूल
CG School Reopen: छत्तीसगढ़ में स्कूलों का नया सत्र शुरू होने वाला है. इसे लेकर लोगों के बीच खबर फैल गई कि राज्य में स्कूल 1 जुलाई से खुलेंगे. सोशल मीडिया पर भी खबर वायरल हुई थी कि भीषण गर्मी की वजह से राज्य सरकार ने विद्यालयों के खुलने की तारीख में बदलाव किया है. अब शिक्षा विभाग ने इस बारे में स्पष्ट निर्देश दिए हैं.
1 जुलाई से स्कूल शुरू होने की खबर गलत
छत्तीसगढ़ के लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से शनिवार (13 जून) को एक निर्देश जारी किया गया. इसमें कहा गया कि सोशल मीडिया पर असत्य, फर्जी और भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है. इन पर ध्यान नहीं देना चाहिए. 1 जुलाई 2026 से स्कूल प्रारंभ होने की खबर पूरी तरह गलत है.
किस तारीख से खुलेंगे स्कूल?
लोक शिक्षण संचालनालय की ओर से जारी प्रेस रिलीज में साफ किया गया है कि छत्तीसगढ़ में सभी स्कूल 16 जून (मंगलवार) से खुलेंगे. इस मौके पर शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन किया जाएगा. वहीं, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसके साथ ही गांव और शहरों के वार्डों में मुनादी कराके शाला प्रवेश उत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने के निर्देश दिए हैं.
स्कूल का शेड्यूल जारी किया गया है
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक स्कूलों में 3 सत्र में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इस दौरान अलग-अलग एक्टिविटी की जाएंगी. सुबह विद्यालय के शुरु होते ही प्रार्थना सभा होगी, इसमें राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, दीपमंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र के साथ-साथ महापुरुष और स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी का वाचन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: CG Weather: छत्तीसगढ़ में जारी रहेगा झमाझम बारिश का दौर! बस्तर-सरगुजा संभाग में रेनफॉल का यलो अलर्ट
दोपहर के वक्त भोजन से पहले छात्र-छात्राएं भोजन मंत्र का सामूहिक पाठ करेंगे. इसके बाद शाम के समय स्कूल की छुट्टी के समय राज्य गीत, गायत्री मंत्र और शांति मंत्र गाया जाएगा.