राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल करेंगी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को सम्मानित
रायपुर. स्वच्छता के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है. स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयनित प्रदेश के तीन नगरीय निकायों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को सम्मानित करेंगी. (Raipur Bilaspur Bilha Swachh Survekshan Award 2026)
केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बुधवार सुबह 11:30 बजे से स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी शामिल होंगे.
छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी समारोह में शामिल होंगे.
सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत को मिला सम्मान
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह दसवां संस्करण है. इस बार इसकी थीम ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है. इसके माध्यम से स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बनाने और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है.
छत्तीसगढ़ के तीनों चयनित नगरीय निकायों में स्वच्छता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर मिली उपलब्धि
खास बात यह है कि स्वच्छ सर्वेक्षण के पिछले संस्करण में भी रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था. इस बार भी तीनों नगरीय निकायों का चयन होना प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की निरंतरता को दर्शाता है.
11 नवंबर को राष्ट्रपति के हाथों मिलने वाला सम्मान न केवल इन नगरीय निकायों के लिए गौरव का विषय होगा, बल्कि सफाई मित्रों, स्वच्छता कर्मियों और स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने वाले नागरिकों के योगदान का भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान होगा.

