रायपुर के 52 व्यापारियों पर नगर निगम ने लगाया जुर्माना, आप भी न करें ये गलती

निरीक्षण के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर रेलवे स्टेशन मार्ग क्षेत्र की 52 दुकानों और होटलों के संचालकों पर कुल 54,750 रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया.
raipur

रायपुर नगर निगम

रायपुर. नगर पालिक निगम जोन क्रमांक-2 के स्वास्थ्य विभाग ने रेलवे स्टेशन मार्ग क्षेत्र में स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की. सूखा और गीला कचरा अलग-अलग नहीं रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने तथा जैव-चिकित्सकीय कचरा बाहर फेंकने की शिकायतों पर निगम की टीम ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान शिकायतें सही पाए जाने पर रेलवे स्टेशन मार्ग क्षेत्र की 52 दुकानों और होटलों के संचालकों पर कुल 54,750 रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया. संबंधित संचालकों से जुर्माना वसूलने के साथ ही भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन क्रमांक-2 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में की गई. कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता पी.डी. धृतलहरे और जोन स्वास्थ्य अधिकारी रवि लवनिया सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही. निगम अधिकारियों ने दुकानदारों और होटल संचालकों को सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग रखने तथा जैव-चिकित्सकीय कचरे का उचित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. निगम ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी.

दारू भट्टी पहुंचे निगम अधिकारी

नगर निगम जोन क्रमांक-4 के स्वास्थ्य विभाग ने स्वच्छता संबंधी जनशिकायत पर कार्रवाई करते हुए जयस्तम्भ चौक के पास मल्टी लेवल पार्किंग परिसर के पीछे स्थित पुरानी शराब भट्ठी का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान मौके पर गंदगी और कचरा फैला हुआ मिला. शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित संचालक पर 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना लगाया गया. औचक निरीक्षण में पुरानी शराब भट्ठी परिसर में गंदगी पाए जाने और कचरा फैलाए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद जोन स्वास्थ्य अधिकारी ने संबंधित संचालक छोटेलाल निषाद को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की कड़ी हिदायत दी. साथ ही भविष्य में दोबारा गंदगी पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई.

नगर निगम स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर ही 25 हजार रुपये का ई-जुर्माना वसूलते हुए जनशिकायत का त्वरित निराकरण किया.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः रायपुर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई… वाजपेयी, अग्रवाल, बरलोटा, शाह, कुकरेजा जी की प्रापर्टी सील

ज़रूर पढ़ें