खाकी पर दाग: राजनांदगांव में 14 साल की बच्ची को बताया प्रेग्नेंट, पुलिस ने थाने में पीटा, TI और महिला आरक्षक सस्पेंड
14 साल की बच्ची को बताया प्रेग्नेंट
CG News: राजनांदगांव के सोमनी थाना में 14 वर्षीय किशोरी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. जहां गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर किशोर को गर्भवती बताकर पुलिस ने रातभर थाने में पीटा.
14 साल की बच्ची को बताया प्रेग्नेंट
दरअसल, 25 मई को पेट दर्द की शिकायत पर किशोरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां जांच में उसे गर्भवती बताया गया. इसके बाद किशोरी और उसके परिवार को घर जाने दिया गया. लेकिन रात 10 बजे पुलिस किशोरी को जन्मदिन की पार्टी से उठाकर थाने ले आई और पूरी रात वहां बिठाए रखा. इसके साथ ही गांव में झूठी बातें फैलाकर परिवार को अपमानित भी किया गया.
दूसरे दिन राजनांदगांव जिला अस्पताल की जांच में उसकी रिपोर्ट नेगेटिव आई. चिकित्सकों ने जांच में उसके गले में सूजन बताई है, जो कि गला दबाने की वजह से हुई है. एएसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि महिला आरक्षक पर लगे आरोपों की जांच डीएसपी स्तर पर कराई जा रही है.
TI और महिला आरक्षक सस्पेंड
वहीं इस मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को निरीक्षक अरुण कुमार नामदेव और महिला प्रधान आरक्षक जयश्री सिंह को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, गलत रिपोर्ट देने के आरोप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल अफसर डा. मौन्या साहू को हटा दिया गया है.
प्रेग्नेंसी किट की होगी जांच
गलत जांच रिपोर्ट ने प्रेग्नेंसी किट की खरीद प्रक्रिया और उसकी गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आशंका जताई जा रही है कि संबंधित फर्म से खरीदी गई प्रेग्नेंसी किट में तकनीकी खामी हो सकती है.
ये भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 2 साल में 475 साइबर ठग गिरफ्तार, गैंग में सीए-डॉक्टर तक शामिल, इन लोगों को बनाते थे निशाना
इसी संदेह के आधार पर औषधि प्रशासन विभाग ने किट का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा है. अब लैब परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही किट की गुणवत्ता और कथित गड़बड़ी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.