IPL 2026: रायपुर में कल RCB-KKR मुकाबले में बारिश की आशंका, पहले मैच में महंगे पिज्जा और पानी बोतल के दाम पर भड़के फैंस
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम
IPL 2026: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 13 मई को होने वाले RCB और KKR के मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. हालांकि मैच से पहले मौसम विभाग ने शाम के समय बारिश की संभावना जताई है, जिससे दर्शकों की चिंता भी बढ़ गई है. इस बार पूरे आयोजन और स्टेडियम संचालन की जिम्मेदारी RCB मैनेजमेंट के पास है, लेकिन पिछली व्यवस्थाओं को लेकर कई सवाल लगातार उठ रहे हैं.
खाने-पीने की चीजों की कीमतों पर नाराजगी
10 मई को खेले गए मुकाबले के बाद दर्शकों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी. लोगों का कहना था कि स्टेडियम में फ्री वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, जबकि खाने-पीने की चीजें बेहद महंगे दामों पर बेची गईं. 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में और करीब 60 रुपए का पिज्जा 300 रुपए तक में मिलने की शिकायतें सामने आई थीं. कई दर्शकों ने आरोप लगाया कि स्टेडियम परिसर में कहीं भी आधिकारिक रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी, जिसका फायदा उठाकर विक्रेताओं ने मनमानी कीमत वसूली. हालांकि इस पूरे मामले पर आयोजकों की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.
KKR ने मैदान पर किया जोरदार अभ्यास
मुकाबले से पहले KKR की टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची और खिलाड़ियों ने मैदान पर जमकर अभ्यास किया. बल्लेबाजों ने बड़े शॉट खेलने और डेथ ओवरों में तेजी से रन जुटाने की रणनीति पर काम किया, जबकि गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर गेंद और लाइन-लेंथ सुधारने पर फोकस किया. अभ्यास सत्र के दौरान रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा ध्यान आकर्षित किया. उन्होंने नेट्स में लंबे समय तक बल्लेबाजी की और कई गेंदों को बाउंड्री के बाहर पहुंचाया. वहीं अनुभवी खिलाड़ी सुनिल नरेन ने अपनी स्पिन और वैरिएशन पर विशेष अभ्यास किया.
प्रैक्टिस सेशन में नहीं दिखे अजिंक्य रहाणे
हालांकि टीम के लगभग सभी खिलाड़ी मैदान पर नजर आए, लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सेशन में दिखाई नहीं दिए. उनकी गैरमौजूदगी को लेकर टीम प्रबंधन की ओर से कोई जानकारी साझा नहीं की गई है.
खिलाड़ियों को देखने उमड़े फैंस
प्रैक्टिस के दौरान बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंचे और अपने पसंदीदा खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए. सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और लोगों को सीमित क्षेत्र से ही खिलाड़ियों को देखने की अनुमति दी गई. पूरे अभ्यास सत्र के दौरान पुलिस और सुरक्षा बल तैनात रहे.
नेटवर्क फेल होने से बढ़ी परेशानी
पिछले मैच के दौरान नेटवर्क व्यवस्था भी पूरी तरह लड़खड़ाती नजर आई थी. आयोजकों ने भीड़ को देखते हुए अस्थायी मोबाइल टावर लगाने का दावा किया था, लेकिन स्टेडियम के आसपास हजारों लोगों के मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट ने काम करना बंद कर दिया. सबसे ज्यादा परेशानी ई-टिकट लेकर पहुंचे दर्शकों को हुई, क्योंकि कई लोगों के मोबाइल में QR कोड तक नहीं खुल पा रहे थे. इसके चलते एंट्री गेट पर लंबी कतारें लग गईं और अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई.
सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल सामने आए. स्टेडियम के बाहर फेंसिंग और लोहे की जालियां लगाने के बावजूद कुछ लोग बैरिकेडिंग पार कर अंदर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मैच शुरू होने के बाद कई युवक तारों और बैरिकेड्स पर चढ़ते नजर आए. भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
ये भी पढे़ं- CG News: 78 साल बाद भी सड़क को तरसे छत्तीसगढ़ के ये दो गांव, हाई कोर्ट ने पीडब्ल्यूडी सचिव से मांगा जवाब