विस्तार न्यूज़ की खबर का असर, कलेक्टर ने CMHO और नोडल अफसर को किया तलब, DHT केयर हॉस्पिटल को आखिरी नोटिस
कलेक्टर ने CMHO और नोडल अफसर को किया तलब
Ambikapur: सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित DHT केयर हॉस्पिटल में सामने आई अनियमितताओं को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है. विस्तार न्यूज़ द्वारा लगातार प्रमुखता से खबरें प्रकाशित किए जाने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पी. एस. मार्को स्वयं अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.
DHT केयर हॉस्पिटल मेंअनियमितताएं
बताया जा रहा है कि DHT केयर हॉस्पिटल में पहले भी कई गंभीर अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं. इन्हीं शिकायतों के आधार पर स्वास्थ्य विभाग ने पिछले एक माह के भीतर तीसरी बार अस्पताल की जांच की है. विभाग पहले भी अस्पताल को नोटिस जारी कर चुका है, लेकिन व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण अब कार्रवाई की प्रक्रिया और तेज कर दी गई है.
CMHO डॉ. पी. एस. मार्को ने स्पष्ट किया कि जिले के सभी निजी अस्पतालों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम एक्ट के तहत निर्धारित सभी मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. जिन अस्पतालों में नियमों का पालन नहीं किया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
कलेक्टर ने CMHO और नोडल अफसर को किया तलब
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर पीएस मार्को ने बताया कि सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत के द्वारा भी उन्हें बुलाया गया था उनके साथ नर्सिंग होम एक्ट के नोडल अधिकारी भी कलेक्टर के पास गए थे. इस दौरान कलेक्टर ने साफ कहा है कि मापदंड के विपरीत संचालित अस्पताल को अंतिम नोटिस दें, इसके बाद भी सुधार नहीं होता है तो हॉस्पिटल को सील करने की कार्यवाही करें.
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, नोटिस जारी होने के बावजूद यदि किसी निजी अस्पताल में गंभीर कमियां और लापरवाही पाई जाती है तो उसका लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की जा सकती है. विभाग जांच रिपोर्ट तैयार कर जिला प्रशासन को भेजेगा, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी.
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से जिले के निजी अस्पतालों में भी हलचल मची हुई है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य निजी अस्पतालों का भी व्यापक निरीक्षण किया जाएगा, ताकि मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें.