Ambikapur News: अंबिकापुर: नजूल पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने तथा ग्राम लहपटरा में स्थापित टोल प्लाजा को उदयपुर-अंबिकापुर के नियमित यात्रियों के लिए करमुक्त करने की मांग को लेकर कांग्रेस नेताओं ने सरगुजा कलेक्टर से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महासचिव राकेश सिंह और जिला कांग्रेस सचिव अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में सौंपा गया.
कांग्रेस नेता ने क्या कहा ?
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अंबिकापुर शहरी क्षेत्र में करीब 20 हजार आवासीय भू-खंड नजूल पट्टाधारकों के हैं. इनमें लगभग 80 प्रतिशत पट्टों की अवधि 30 मार्च 2026 को समाप्त हो चुकी है. पट्टा नवीनीकरण की वर्तमान प्रक्रिया जटिल और समयसाध्य होने के कारण बड़ी संख्या में पट्टाधारकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
ज्ञापन में दावा किया गया कि नवीनीकरण के लिए जिला नजूल अधिकारी कार्यालय में हजारों आवेदन लंबित हैं. कर्मचारियों की सीमित संख्या के कारण आवेदनों का समय पर निराकरण चुनौतीपूर्ण हो रहा है. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रक्रिया की जटिलता का फायदा उठाकर कुछ दलाल सक्रिय हो गए हैं और परेशान पट्टाधारकों से आर्थिक शोषण कर रहे हैं.
व्यवसायियों को भी हो रही परेशानी
कांग्रेस नेताओं के अनुसार, अंबिकापुर के कई व्यवसायी नजूल भू-खंडों के आधार पर बैंकों से ऋण सीमा लेकर कारोबार कर रहे हैं. पट्टा नवीनीकरण में देरी के कारण बैंक इन संपत्तियों को लेकर आवश्यक गारंटी नहीं दे रहे हैं, जिससे व्यवसायियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है.
कांग्रेस ने रखे चार प्रमुख सुझाव
ज्ञापन में पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया को व्यापक स्तर पर सरल बनाने के लिए चार प्रमुख सुझाव दिए गए हैं-
वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएं, जहां राजस्व अमले द्वारा मौके पर सत्यापन, भू-भाटक निर्धारण और नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्ष 1996 में भी इसी तरह शिविर लगाकर पट्टा नवीनीकरण किया गया था.पट्टा नवीनीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन की जाए, ताकि पट्टाधारक घर बैठे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सकें.
20 वर्ष से अधिक समय से काबिज पट्टाधारकों को पूर्ण स्वामित्व का अधिकार दिया जाए, जिससे उन्हें बार-बार पट्टा नवीनीकरण की जटिल प्रक्रिया से राहत मिल सके.
ग्राम लहपटरा में स्थापित नए टोल प्लाजा को उदयपुर से अंबिकापुर नियमित रूप से आने-जाने वाले स्थानीय निवासियों के लिए करमुक्त किया जाए.
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नजूल पट्टा नवीनीकरण का मुद्दा अंबिकापुर शहर की बड़ी आबादी से जुड़ा है, इसलिए इसका समाधान सामान्य प्रक्रिया के बजाय व्यापक और जनहितकारी तरीके से किया जाना चाहिए. इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के महामंत्री अनुप मेहता, सचिव अविनाश कुमार, सचिव अमित सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी राकेश साहू, संतोष गोस्वामी, धनमित सिंह छाबड़ा, सुरेंद्र पटेल, योगेश गुप्ता, केदार यादव, मसूद आलम, शहबाज खान, अंकित मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें-EPFO News: देश में 20 लाख से ज्यादा EPF खाते हुए बंद, कहीं आपका अकाउंट भी तो नहीं? ऐसे चेक करें PF स्टेटस
