Ambikapur News: अंबिकापुर. सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा में माता-पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बड़े बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस पूछताछ में आरोपित जदू यादव ने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि वह माता-पिता द्वारा उपेक्षा किए जाने और उसकी शादी नहीं कराने से नाराज था. इसी नाराजगी में उसने सोते समय दोनों के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी.
हत्या के बाद आरोपी ने दोनों शवों को बोरी में बांधकर कमरे में छिपा दिया. खून के निशान मिटाने के लिए कमरे में गोबर से लिपाई की और इसके बाद फरार हो गया. घटना के चार दिन बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
शादी को लेकर माता-पिता से होता था विवाद
पुलिस के मुताबिक 55 वर्षीय हीराधर यादव अपनी 50 वर्षीय पत्नी गुलाबी यादव और बड़े बेटे जदू यादव के साथ ग्राम सपड़ा में रहता था. 34 वर्षीय जदू की शादी नहीं हुई थी. वह इसके लिए अपने माता-पिता को जिम्मेदार मानता था. इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होने की जानकारी सामने आई है. वहीं परिवार का छोटा बेटा मोहन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग रहता है.
सब्जी को लेकर हुआ विवाद, रात में कर दी हत्या
पुलिस पूछताछ में जदू ने बताया कि 17 अगस्त की रात घर में सब्जी नहीं बनी थी. इसके चलते उसके माता-पिता छोटे बेटे मोहन के घर से सब्जी लेकर आए थे. इसी बात को लेकर विवाद हुआ. गुस्से में जदू ने सो रहे माता-पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया. गंभीर चोट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. हत्या के बाद उसने दोनों शवों को बोरी में बांधकर कमरे में रख दिया और खून के निशान मिटाने के लिए फर्श और कमरे में गोबर से लिपाई कर दी. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया.
अगले दिन मिला शव, चार दिन बाद आरोपी गिरफ्तार
अगले दिन सुबह छोटा बेटा मोहन दूध लेने के लिए माता-पिता के घर पहुंचा. दरवाजा बंद मिलने पर उसने ताला तोड़ा, जिसके बाद अंदर दोनों के शव मिले. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने जांच के दौरान फरार चल रहे बड़े बेटे जदू यादव को घटना के चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया. उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की परिस्थितियों और घटना के बाद शव छिपाने की पूरी कड़ी की जांच शुरू कर दी है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः कुंडला वसुंधरा सिटी के 110 भवनों पर कार्रवाई पर हाईकोर्ट की रोक, पुराने आदेश निरस्त
