Vistaar NEWS

कोरिया में BJP नेता को जिंदा जलाकर मारा, फॉर्च्यूनर को घेरकर किया आग के हवाले, तस्करी विवाद से जुड़ा है मामला

CG News

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. जहां रेत तस्करी के विवाद में भाजपा के पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह को जिंदा जलाकर मार दिया. आरोप है कि रेत कारोबार से जुड़े लोगों ने उनके घर के सामने उनकी फॉर्च्यूनर कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

ये घटना सोनहत थाना क्षेत्र की है. वहीं इस वारदात में गंभीर रूप से झुलसे शिक्षक की अंबिकापुर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

रेत के तस्करी को लेकर था विवाद

जानकारी के अनुसार सोनहत के नौगई गांव में भाजपा नेता और पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह के रिश्तेदार नागेंद्र सिंह के बेटे ने नौगई रेत घाट का ठेका लिया था. रेत के अवैध खनन और तस्करी को लेकर उनका भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के परिवार से लंबे समय से विवाद चल रहा था.

आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार को लगाई आग

देर रात करीब 12 बजे मनोज त्रिपाठी से जुड़े लोगों ने भरत सिंह के घर को घेर लिया. विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने फॉर्च्यूनर कार के सामने डंपर लगाकर उसका रास्ता रोक दिया और कार पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. कार में भरत सिंह, उनका भाई और शिक्षक नागेंद्र सिंह, रायपुर निवासी वीरू सिंह समेत एक अन्य व्यक्ति सवार थे. आरोप है कि हमलावरों ने वाहन में सवार लोगों को बाहर निकलने और जान बचाकर भागने का मौका नहीं दिया, जिससे वे आग की चपेट में आ गए.

ये भी पढ़ें- CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री में देरी! अगले 5 दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

घटना की पूरी जांच होगी – अरुण साव

वहीं इस मामले पर डीप्टी सीएम अरुण साव का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि घटना की पूरी जांच होगी. घटना में जो तथ्य आयेंगे उसके आधार पर कार्रवाई होगी. घटना पर बयानबाजी करना दुर्भाग्य जनक है. कांग्रेस पार्टी में प्रदेश का अपराधीकरण किया. कांग्रेस घटना को राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है.

Exit mobile version