Surguja Bear Attack: जंगल में खुखड़ी खोजने गए ग्रामीण पर भालू का हमला, रायपुर ले जाते समय हुई मौत
bear attack/ image source: nature safari india
Surguja Bear Attack: अंबिकापुर: सरगुजा जिले में भालू के हमलों का सिलसिला लगातार जारी है. बुधवार सुबह उदयपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम सितकालो में मवेशी चराने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया. हमले में 55 वर्षीय चैतू राम की मौत हो गई. वहीं कोरबा और शंकरगढ़ में भी भालू के हमले में 3 लोग घायल हुए हैं.
उदयपुर: खुखड़ी खोजने गए ग्रामीण की मौत
जानकारी के अनुसार ग्राम सितकालो निवासी चैतू राम बुधवार सुबह मवेशी और बकरियां चराने के लिए घर से करीब 500 मीटर दूर जंगल गए थे. जंगल में वह खुखड़ी खोजने के लिए अंदर गया था. इसी दौरान अचानक भालू ने उस पर हमला कर दिया.
भालू ने चैतू राम के सिर, कंधे और पीठ पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. भालू से बचने के लिए चैतू राम ने काफी संघर्ष किया. भालू के भाग जाने के बाद वह घायल हालत में किसी तरह गांव की ओर पहुंचा.
रास्ते में अन्य ग्रामीणों ने उसे लहूलुहान हालत में देखकर स्वजनों को सूचना दी. स्वजन उसे पहले उदयपुर सीएचसी ले गए. हालत गंभीर होने पर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रिफर किया गया. वहां से डॉक्टरों ने रायपुर रिफर कर दिया. लेकिन रायपुर ले जाते समय रास्ते में ही चैतू राम ने दम तोड़ दिया. चैतू राम की मौत की खबर के बाद गांव में भय का माहौल है.
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना की जानकारी वन विभाग को दे दी गई है. वन विभाग ने ग्रामीणों को जंगल में अकेले नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में लोग खुखड़ी और पुटू जैसे जंगली खाद्य पदार्थ लेने अक्सर जंगल जाते हैं.
इसी दौरान भालू के हमले का खतरा बना रहता है. पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके का मुआयना किया. वन विभाग ने मृतक के स्वजन को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. उदयपुर वन परिक्षेत्र में भालुओं का स्वच्छंद विचरण होता है.
दूसरी घटना: कोरबा में 2 महिलाएं घायल
कोरबा जिले के ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल में मंगलवार शाम करीब 6 बजे दो महिलाओं पर भालू ने हमला कर दिया. इस हमले में मूल्यारो बाई 50 वर्ष और समारी बाई गंभीर रूप से घायल हो गईं. दोनों को तुरंत कोरबा के शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है. वन विभाग ने गांवों में मुनादी कराकर अकेले जंगल न जाने की सलाह दी है.
तीसरी घटना: शंकरगढ़ में वृद्ध पर हमला
शंकरगढ़ के ग्राम आसनपानी में सोमवार शाम 60 वर्षीय भगतु कोडाकू मवेशी चराने जंगल गए थे. इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो भालू भाग गया. घायल को शंकरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया. वन विभाग ने तत्काल राहत के रूप में एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की.
लगातार हो रही घटनाओं के बाद वन विभाग ने जंगल से गुजरने वाले रास्तों पर निगरानी बढ़ा दी है। ग्रामीणों से जंगल न जाने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें:NEET छात्र आंदोलन पर संसद में चर्चा को तैयार सरकार, अमित शाह ने ओम बिरला को लिखा पत्र