CG News: मानसून से पहले एक्शन मोड में रायपुर निगम, जोन कमिश्नर को दिया हर दिन 1 करोड़ वसूली का टारगेट

CG News: जल संरक्षण, जलभराव की रोकथाम और राजस्व संग्रह को लेकर निगम प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य और दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
The Commissioner has directed that rainwater harvesting systems be installed

आयुक्त ने बैठक में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने का निर्देश दिया है

CG News: रायपुर नगर निगम ने मानसून के आगमन से पहले शहर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं. जल संरक्षण, जलभराव की रोकथाम और राजस्व संग्रह को लेकर निगम प्रशासन ने अधिकारियों को स्पष्ट लक्ष्य और दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

टीएल बैठक में हुई समीक्षा

महात्मा गांधी सदन स्थित नगर निगम मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी जोन अधिकारियों के साथ विभिन्न विषयों की समीक्षा की. बैठक में राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए निगम के सभी 10 जोनों को संयुक्त रूप से प्रतिदिन 1 करोड़ रुपये की वसूली सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया.

बकायादारों पर होगी सख्त कार्रवाई

आयुक्त ने निर्देश दिए कि बड़े बकायादारों की पहचान कर उन्हें नोटिस जारी किए जाएं और आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बकाया कर की वसूली की जाए. साथ ही नागरिकों को 30 जून 2026 तक संपत्तिकर जमा करने पर मिलने वाली 6.25 प्रतिशत की छूट की जानकारी देकर अधिक से अधिक कर संग्रह बढ़ाने पर जोर दिया गया.

रेन वाटर हार्वेस्टिंग को मिलेगी प्राथमिकता

बैठक में मानसून पूर्व तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा हुई. आयुक्त ने पहली बारिश से पहले शहर के अधिकाधिक क्षेत्रों में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए. विशेष तौर पर उन स्थानों को प्राथमिकता देने को कहा गया जहां हर वर्ष जलभराव की स्थिति बनती है. उनका कहना था कि वर्षा जल संचयन से न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि भूजल स्तर को सुधारने में भी मदद मिलेगी.

अवैध निर्माणों पर सख्ती

इसके अलावा शहर में अवैध निर्माणों पर सख्ती बरतने के निर्देश भी दिए गए. सभी जोन अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में ऐसे निर्माणों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है.

शहरी प्रबंधन को मजबूत बनाने पर जोर

नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य मानसून से पहले शहर की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करना, जल संरक्षण को बढ़ावा देना और राजस्व संग्रह में वृद्धि करना है. बैठक में अपर आयुक्त, मुख्य अभियंता, जोन कमिश्नर समेत निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे.

ये भी पढे़ं- रायगढ़ में 3 नाबालिग HIV पॉजिटिव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल बोले- डरने की जरूरत नहीं

ज़रूर पढ़ें