Vistaar NEWS

निकल गए थे आंसू, OTT प्लेटफॉम्स ने ठुकराया अब बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही Hanuman Ansh…

नीम करोली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक संदेशों से प्रेरित फिल्म Hanuman Ansh ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता की एक नई और अद्भुत इबारत लिख दी है. पहले दिन महज 10 लाख रुपये की सुस्त शुरुआत करने वाली इस फिल्म ने केवल सकारात्मक वर्ड-ऑफ-माउथ और दर्शकों के भारी समर्थन के दम पर भारत में 81.41 करोड़ रुपये नेट (96.03 करोड़ रुपये ग्रॉस) का रिकॉर्ड आंकड़ा पार कर लिया है.

इस ऐतिहासिक व्यावसायिक सफलता के बीच, फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता डॉ. विशाल चतुर्वेदी (Dr Vishal Chaturvedi) ने एक इंटरव्यू में उस संघर्ष को याद किया है जब इस कहानी को एक प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म द्वारा अपमानजनक तरीके से खारिज कर दिया गया था. विशाल ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया, ‘जब मैं अपनी कहानी पिच करने एक बड़े ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास गया और महाराज जी (नीम करोली बाबा) की जीवन गाथा सुनाई, तो मैं इतना भावुक हो गया कि मेरी आंखों से आंसू बह निकले और मैं रो पड़ा. लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया.’

उनके रवैये और भाषा से दुख हुआ

विशाल ने ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के रुख पर बेबाक बात रखते हुए आगे कहा, ‘हम फिल्म निर्माता हैं और अपने करियर में हजारों बार रिजेक्शन देखते हैं. यदि कहानी पसंद न आए, तो सम्मानपूर्वक ना कहा जा सकता है. लेकिन जिस भाषा का इस्तेमाल किया गया और जिस तरह से फिल्म को ठुकराया गया, वह अपमानजनक था. इससे साफ पता चलता है कि उनके दिमाग में भारतीय संस्कृति और कहानियों को लेकर एक गलत नैरेटिव बैठा हुआ है. उसी वक्त मेरा संकल्प मजबूत हुआ कि इस गलत नैरेटिव को तोड़ना बेहद जरूरी है.’

ओटीटी प्लेटफॉर्म्स द्वारा ठुकराए जाने के बावजूद, भारतीय दर्शकों ने इस आध्यात्मिक सिनेमा को जिस तरह से अपनाया है, उसने निर्देशक के विश्वास को पूरी तरह सच साबित कर दिया है. फिल्म की इस अभूतपूर्व और ऐतिहासिक कामयाबी को देखते हुए अब मेकर्स ने इसके सीक्वल की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं.

Exit mobile version