सलमान खान ने ‘काला हिरण’ फिल्म पर रोक लगाने की मांग की, दिल्ली हाई कोर्ट में दायर की याचिका
सलमान खान फिल्म काला हिरण पर रोक की मांग की
Allegations of Kala Hiran film makers: मेकर्स द्वारा आज फिल्म ‘काला हिरण’ का फर्स्ट लुक रिलीज किया गया है. यह फिल्म अपनी रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है. बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने ‘काला हिरण: बैटल फॉर लेगेसी’ की रिलीज पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि यह फिल्म उनके 1998 के चर्चित काला हिरण शिकार मामले पर आधारित है. वहीं कोर्ट इस मामले में अंतरिम रोक लगाने वाली याचिका पर जल्द ही सुनवाई करेगा.
दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे सलमान खान
सलमान खान ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर कर दावा किया है कि फिल्म बनाने वालों ने उनके हमशक्ल कलाकार का इस्तेमाल किया है. फिल्म के प्रोमो में दिखने वाला व्यक्ति बिल्कुल उनकी तरह लगता है और उसने सलमान जैसा ब्रेसलेट भी पहन रखा है. याचिका के अनुसार, मेकर्स अपनी फिल्म के प्रचार के लिए बिना इजाजत सलमान खान के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो उनके पब्लिसिटी और पर्सनालिटी राइट्स का सीधा उल्लंघन है.
फिल्म को लेकर क्या बोले सलमान खान?
सलमान खान का कहना है कि इस फिल्म के आने से कोर्ट में चल रहे उनके केस पर बुरा असर पड़ सकता है और उनकी सामाजिक छवि भी खराब हो सकती है.
इसी वजह से उन्होंने फिल्म के बनने, उसके प्रचार, सिनेमाघरों में रिलीज और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दिखाए जाने पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग की है.
मेकर्स को लीगल नोटिस भेज चुके हैं सलमान खान
प्रोड्यूसर अमित जानी ने कुछ समय पहले ‘काला हिरण’ फिल्म बनाने की घोषणा की थी, जो सुपरस्टार सलमान खान के हिरण शिकार मामले पर बनी है. फिल्म के पहले पोस्टर में सलमान खान के हमशक्ल को हाथ में बंदूक लिए दिखाया गया है, जिसके बाद सलमान खान ने फिल्म के मेकर्स को कानूनी नोटिस भेजकर फिल्म के बनने और प्रचार पर रोक लगाने की मांग की है. हालांकि, अमित जानी ने साफ कर दिया है कि वह इस नोटिस का कोई जवाब नहीं देंगे और उन्होंने एक वीडियो जारी कर सलमान खान का नोटिस फाड़कर भी दिखाया.
मामले पर 19 जून को होगी सुनवाई
मेकर्स ने अब ‘काला हिरण’ का पहला लुक जारी कर दिया है, जिसमें दिखने वाला व्यक्ति बिल्कुल सलमान खान जैसा लगता है और उसने उनके जैसा ब्रेसलेट भी पहन रखा है. यह प्रोमो सामने आते ही सलमान खान ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है, जहां इस मामले पर 19 जून 2026 को सुनवाई होनी है.