जवान के बाद सलमान खान के संग जलवा बिखेरेंगी नयनतारा, इस मेगा प्रोजेक्ट में साथ आएंगे नजर
सलमान खान और नयनतारा
Salman Khan: सलमान खान आजकल अपनी नई फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ को लेकर चर्चा में हैं. इसके साथ ही उनके कई और बड़े प्रोजेक्ट्स भी कतार में हैं. रिपोर्ट्स के अनुसार, साउथ के मशहूर डायरेक्टर वामशी पैदिपल्ली एक बड़ी फिल्म की योजना बना रहे हैं, जिसमें वे सलमान खान को लीड रोल में लेना चाहते हैं. चर्चा यह भी है कि इस फिल्म में सलमान के साथ नयनतारा नजर आ सकती हैं. अगर यह जोड़ी पर्दे पर आती है तो फैंस के लिए यह एक बड़ा सरप्राइज होगा, क्योंकि नयनतारा ने इससे पहले 2023 में शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘जवान’ में बेहतरीन काम किया था.
पैन इंडिया फिल्म में नजर आएंगे सलमान खान
शाहरुख खान के बाद अब नयनतारा और सलमान खान की जोड़ी पर्दे पर साथ आने की चर्चा है. खबरों की मानें तो डायरेक्टर वामशी की इस बड़े बजट की फिल्म को दिल राजू प्रोड्यूस करेंगे. यह एक धमाकेदार एंटरटेनमेंट वाली पैन-इंडिया फिल्म होगी.
हालांकि, अभी तक मेकर्स ने इस बारे में कोई ऑफिशियल घोषणा नहीं की है. उत्तर भारत में नयनतारा भले ही बहुत मशहूर न हों, लेकिन उनके काम की काफी तारीफ होती है. फिल्म ‘जवान’ की सफलता और उसमें नयनतारा की एक्टिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया था.
नयनतारा का रोल फीका पड़ गया था
कुछ लोगों का मानना था कि फिल्म ‘जवान’ में दीपिका पादुकोण के कैमियो के सामने नयनतारा का रोल फीका पड़ गया था. वहीं अगर निर्देशक वामशी पैदिपल्ली की बात करें, तो वे अपनी बेहतरीन स्क्रिप्ट राइटिंग के लिए जाने जाते हैं और साउथ सिनेमा में कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं.
सलमान खान की हालिया फिल्में सफल नहीं रहीं
वामशी पैदिपल्ली ने साल 2007 में प्रभास की फिल्म ‘मुन्ना’ से बतौर निर्देशक अपने करियर की शुरुआत की थी. दूसरी तरफ से सलमान खान की हालिया फिल्में बॉक्स ऑफिस पर वैसी सफलता हासिल नहीं कर पाई हैं जैसी उनसे उम्मीद की जाती है. यही वजह है कि सलमान पर अब एक बड़ी हिट फिल्म देने का काफी दबाव है और दर्शकों को उनसे एक जोरदार वापसी की उम्मीद है.