CCTV Suspects Bike Seized: मुंबई के जुहू इलाके में रविवार की शाम बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार में फायरिंग की घटना सामने आई. हालांकि, इस दौरान एक्टर को चोट नहीं आई है. इस घटना में उनके ड्राइवर और एक आटो चालक घायल हुआ है. जिसका इलाज किया जा रहा है. मामला हाई प्रोफाइल होने की वजह से पुलिस ने भी अपनी जांच तेज कर दी है. पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा में मामला दर्ज कर किया है. हालांकि, पुलिस अब तक आरोपियों के ठिकाने तक पहुंच नहीं पाई है, लेकिन घटना में प्रयुक्त बाइक को जरूर जब्त कर लिया है. वहीं सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपियों की तस्वीर को भी निकाल लिया है.
मुंबई पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने घटना में प्रयुक्त बाइक को अंधेरी रेलवे स्टेशन पर छोड़ दिया है. जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है. इसके बाद संदिग्ध आरोपी फरार हो गए. जिनके खिलाफ BNS की धारा 109 (1), 3(5) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. हालांकि, मुंबई पुलिस ने एक संदिग्ध को भी हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ जारी है. इसी बीच दोनों हमलावरों की फोटो भी सीसीटीवी फुटेज में सामने आई हैं, जिसमें दोनों सफेद रंग की शर्ट पहने हुए जाते दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
मामला एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ा होने की वजह से हाई प्रोफाइल हो गया. जिसकी वजह से पुलिस ने भी हर एंगल से जांच करना शुरू कर दिया है. आरोपियों की बाइक की जांच नंबर प्लेट और चेचिस व इंजन नंबर के माध्यम से की जा रही है. हालांकि, अभी तक आरोपियों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन सीसीटीवी में फुटेज जरूर सामने आया है. जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है.
ये भी पढ़ेंः ‘टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वालों को हम छोड़ेंगे नहीं,’ डिप्टी CM एकनाथ शिंदे ने दी चेतावनी
क्या था मामला?
रविवार की शाम जब एक्टर टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलकर अपने घर लौट रहे थे. इस दौरान रास्ते में ही अज्ञात हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग करना शुरू कर दिया. हालांकि, इस दौरान एक्टर को गोली नहीं लगी. लेकिन उनके दाएं हाथ पर गनपाउडर से जलने के निशान पाए गए हैं. घटना के बाद मुंबई पुलिस की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
