Dhurandhar Movie: आदित्य धर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाई कर रही है. इससे पहले साल 2025 के आखिरी महीने दिसंबर में आई फिल्म ‘धुरंधर’ ने भी जबरदस्त कमाई कर साल की सबसे ज्यादा कलेक्शन करने वाली मूवी बनी थी. वहीं ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत का रोल फैंस को काफी ज्यादा पसंद आया था. आज भी अक्षय खन्ना का रहमान डकैत वाला रोल काफी ज्यादा सुर्खियों में है और इसका गाना बजते ही फैंस झूम उठते हैं. लेकिन क्या आपको पता है कि रहमान डकैत के रोल के लिए फिल्म डायरेक्टर ने तीन ऐसे कलाकारों को ऑफर दिया था, जिन्होंने इस रोल को ठुकरा दिया था.
तीन एक्टरों ने रहमान डकैत का रोल ठुकराया?
कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने ‘बॉलीवुड हंगामा’ को दिए इंटरव्यू में एक दिलचस्प खुलासा किया. उन्होंने बताया कि ‘रहमान डकैत’ का रोल पहले तीन अलग-अलग एक्टरों को ऑफर किया गया था, जिनमें से दो बॉलीवुड के और एक साउथ फिल्म इंडस्ट्री के थे. हालांकि, मुकेश ने उनके नामों का खुलासा नहीं किया, लेकिन बताया कि तीन कलाकारों ने रोल ठुकराने के लिए अजीब कारण दिए. उनका मानना था कि यह एक मल्टी-स्टारर फिल्म है और इसे केवल रणवीर सिंह की फिल्म के तौर पर देखा जा रहा है, इसी वजह से उन्होंने इस फिल्म में काम करने से मना कर दिया.
अक्षय खन्ना ने रोल एक्सेप्ट किया
मुकेश छाबड़ा ने बताया कि उन्हें उन कलाकारों के मना करने पर थोड़ा बुरा लगा, क्योंकि किसी को भी रोल ऑफर करने से पहले काफी सोच-विचार किया जाता है. इसके बाद उन्होंने अक्षय खन्ना से संपर्क किया, जिन्होंने स्क्रिप्ट सुनते ही महज एक दिन में फिल्म के लिए ‘हां’ कह दी. मुकेश ने अक्षय की तारीफ करते हुए कहा कि वे उन एक्टर्स में से हैं जो अपने दिल की सुनते हैं और दूसरों की बातों में आकर अपना फैसला नहीं बदलते.
फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी
फिल्म ‘धुरंधर’ की कहानी पाकिस्तान के कराची स्थित लयारी इलाके पर आधारित है, जो अपनी आपराधिक गतिविधियों के लिए मशहूर है. इस फिल्म में अक्षय खन्ना ने ‘रहमान डकैत’ के दमदार रोल में जान फूंक दी, जिसे लोगों ने बहुत पसंद किया. वहीं रणवीर सिंह एक जासूस की भूमिका में हैं, जो मिशन के लिए पाकिस्तान में दाखिल होता है. फिल्म की स्टार कास्ट में अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे फेमस ऐक्टर शामिल हैं.
