‘खुले पैसे नहीं तो नीचे उतरिए…’, बस कंडक्टर ने जिसे आम आदमी समझा, वो निकले परिवहन मंत्री
कर्नाटक के पर्यटन मंत्री बायराथी सुरेश ने आम आदमी बनकर बस में सफर किया.
Minister Byrathi Suresh: आपने फिल्म नायक तो देखी होगी, इसमें फिल्म का नायक एक आम आदमी होता है, एक दिन के लिए मुख्यमंत्री बनता है और ‘फैसला ऑन द स्पॉट’ लेना शुरू कर देता है. लेकिन कर्नाटक में मंत्री एक दिन के लिए एक आम आदमी बन गए और जनता से गलत व्यवहार करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. कर्नाटक के पर्यटन मंत्री बायराथी सुरेश शनिवार को एक अलग अंदाज में दिखाई दिए. बेंगलुरु में उन्होंने मुंह पर मास्क लगाकर एक शहर की परिवहन व्यवस्थाओं का हाल जानने के लिए कई बसों में लगभग 2 घंटे सफर किया. इस दौरान उन्हें कोई पहचान भी नहीं सका.
100 का नोट देने पर मंत्री से कहा नीचे उतरो
कर्नाटक के पर्यटन मंत्री बायराथी सुरेश शनिवार को मुंह पर मास्क लगाकर बेंगलुरु की सड़कों पर निकल पड़े. उन्होंने हेब्बाल से नागाशेट्टीहल्ली रूट पर 2 घंटे तक बसों में सफर किया. इस दौरान वे बीएमटीसी बसों की व्यवस्था और बस कंडक्टर का व्यवहार जानन के लिए लगभग 10 बसों पर चढ़े. एक बस में उन्होंने 100 रुपये का नोट देकर कंडक्टर से टिकट देने के लिए कहा. कंडक्टर ने कहा कि खुले पैसे दो. इस पर मंत्री ने कहा कि मेरे पास खुले पैसे तो नहीं हैं, तो फौरन कंडक्टर ने मंत्री से नीचे उतरने के लिए कह दिया. आम आदमी से इस तरह गलत व्यवहार करने पर पर्यटन मंत्री ने तुरंत बस संख्या KA-57 F-3372 के ड्राइवर और कंडक्टर को सस्पेंड करने के आदेश दे दिए.
Conducted a surprise field inspection by travelling on BMTC buses across Bengaluru to assess commuter experience firsthand. Ensuring safe, reliable and accountable public transport remains our highest priority.@BMTC_BENGALURU#BMTC #Bengaluru #PublicTransport #Karnataka pic.twitter.com/uyFOqsuwmd
— Byrathi Suresh (@byrathi_suresh) July 12, 2026
ऑटो वाले के गलत किराया वसूलने पर दी चेतावनी
वहीं नागाशेट्टीहल्ली के पास एक ऑटो वाला गलत किराया वसूल रहा था. मीटर में 30 रुपये आने के बाद भी उसने कस्टमर से 36 रुपये की मांग कर दी. इसके बाद मंत्री बायराथी सुरेश ने पूरे मामले में दखल दिया और ऑटो वाले से नियम के मुताबिक किराया लेने के लिए कहा. साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दोबारा अनुचित किराया वसूला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.
सुविधाओं को जानने के लिए औचक निरीक्षण
वहीं इस तरह आम आदमी बनकर बस में सफर करने को लेकर मंत्री ने कहा कि ये औचक निरीक्षण था. सरकार जो सुविधाएं दे रही है, उससे जनता को लाभ मिल रहा है या नहीं, इसको जानना जरूरी है. पर्यटन सुविधाओं में अनुशासन बनाए रखना जरूरी है, जिससे कि आम जनता को पब्लिक ट्रांसपोर्ट में कोई भी असुविधा ना हो.
ये भी पढ़ें: कश्मीर के अनंतनाग में बादल फटने से तबाही, कई होटल और घर डूबे, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट