‘अहंकार का नतीजा है, जो लोगों ने मारा…’, अभिषेक बनर्जी पर हमले को लेकर बोलीं अग्निमित्रा पॉल

Bengal Politics: बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, उनके (अभिषेक बनर्जी) साथ जो हुआ वह गलत है. हमने लोगों को बार-बार कहा है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें. लेकिन आज जो हुआ उसके लिए अभिषेक बनर्जी जिम्मेदार हैं.
Agnimitra Paul And Abhishek Banerjee

अग्निमित्रा पॉल ने अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर दी प्रतिक्रिया.

Bengal News: बंगाल की पूर्व सीएम के भतीजे और TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर शनिवार को हुए हमले के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. अभिषेक बनर्जी ने इसे भाजपा द्वारा प्रायोजित हमला बताते हुए कहा कि उनकी हत्या की कोशिश की गई. वहीं ममता बनर्जी ने भी भाजपा सरकार पर अस्पतालों को धमकी देने का आरोप लगाया है. इसी बीच बंगाल की भाजपा नेता और मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने भी अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.

अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद भाजपा और टीएमसी के बीच आरोप-प्रत्यारोप के दौर शुरू हो गए हैं. टीएमसी ने इस घटना को सोची समझी साजिश करार दिया है, तो वहीं भाजपा ने इसे नकारते हुए टीएमसी के अहंकार के खिलाफ जनता का आक्रोश बताया है. अब इस मामले को लेकर भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल खुलकर सामने आई हैं और उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी है. जानें उन्होंने क्या कहा?

यह अहंकार का नतीजा है: अग्निमित्रा पॉल

बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा, “उनके (अभिषेक बनर्जी) साथ जो हुआ वह गलत है. हमने लोगों को बार-बार कहा है कि वे कानून को अपने हाथ में न लें. लेकिन आज जो हुआ उसके लिए अभिषेक बनर्जी जिम्मेदार हैं. एक तरफ पंद्रह साल तक पुलिस की बर्बरता रही, तो दूसरी तरफ जहांगीर शेख शाहजहां का बोलबाला था. अभिषेक बनर्जी का अहंकार. उन्होंने कहा था कि 4 तारीख के बाद डीजे बजाया जाएगा. आपने प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और राष्ट्रपति को गाली दी. आज जनता का गुस्सा यही है.

ये भी पढ़ेंः ‘अभिषेक बनर्जी को एडमिट नहीं करना, कुछ हुआ तो…’, ममता बनर्जी का बड़ा आरोप, बोलीं- डॉक्टरों को धमका रही BJP

ऐसी राजनीति नहीं करेंगे, जहां लोग जूतों की माला पहनाएं

उन्होंने आगे कहा, “पंद्रह साल तक आप खुद को भगवान समझते रहे. आपने किस तरह की राजनीति की? आज आप पर अंडे फेंके जा रहे हैं, जूते फेंके जा रहे हैं. लोग आपके घर के सामने थूक रहे हैं और गालियां दे रहे हैं. एक पार्टी सत्ता में रहेगी, दूसरी नहीं. राजनीति में ऐसा होता है, लेकिन हम ऐसी राजनीति नहीं करेंगे जहां लोग हमें जूतों की माला पहनाएं, गालियां दें और हमारे घर के सामने थूकें. इस स्थिति के लिए आप जिम्मेदार हैं क्योंकि आपने सोचा था कि आपको कभी हटाया नहीं जा सकता और जनता ने यह दिखा दिया है. आपने भाजपा की बात कही थी. इसमें भाजपा की संलिप्तता नहीं थी, क्योंकि हमने सुना है कि तृणमूल उस क्षेत्र के 36 में से 35 वार्डों में बहुमत रखती है.”

ज़रूर पढ़ें