भीषण टर्बुलेंस से कांपी एयर इंडिया की फ्लाइट! यात्रियों में मची अफरा-तफरी, कई यात्री और क्रू घायल
एयर इंडिया
Air India Turbulence Shock: थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान मंगलवार को लैंडिंग से पहले अचानक भीषण टर्बुलेंस में फंस गई. विमान में जोरदार झटके लगने से कुछ यात्रियों और केबिन क्रू को चोटें आईं हैं. हालांकि पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार दिया.
विमान जब दिल्ली की ओर उतर रहा था, तभी मौसम में अचानक बदलाव आया और विमान ने तेज़ी से ऊंचाई में उतार-चढ़ाव महसूस किया. अचानक आए इन झटकों से केबिन में अफरा-तफरी मच गई. उस समय सीट बेल्ट नहीं लगाए बैठे कुछ यात्री अपनी सीटों से उछल गए, जबकि ड्यूटी पर मौजूद कुछ क्रू सदस्य भी घायल हो गए.
घटना के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. एयरपोर्ट पर मेडिकल टीम पहले से मौजूद थी, जिसने घायल यात्रियों और क्रू को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है.
घायलों को भेजा गया अस्पताल
टर्बुलेंस हादसे में विमान में सवार 12 लोग घायल हुए हैं. इनमें यात्री और क्रू मेंबर्स शामिल हैं. घायलों को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर में जांच और इलाज के लिए भेजा गया है. एअर इंडिया ने पहले बताया था कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं. किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है.
टर्बुलेंस से फ्लाइट की सीलिंग डैमेज हो गई. तेज झटकों से फ्लाइट की सीलिंग के पैनल में दरारे आ गई हैं. घायलों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया गया.
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा है कि हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एअर इंडिया की सबसे बड़ी प्राथमिकता है. हम प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:E20 Protest Live: पीएम हाउस तक AAP के मार्च को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे केजरीवाल