‘सादगी से मनाएं ईद, ना पहनें नए कपड़े’, अमेरिका-ईरान जंग के बीच आजम खान की मुस्लिम समुदाय से अपील
सपा आजम खान(File Photo)
Azam Khan Eid appeal: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान भले ही जेल में बंद हों, लेकिन अपने बयानों को लेकर वे अक्सर चर्चा में रहते हैं. आजम खान इस समय रामपुर की जेल में बंद हैं. आजम खान इस समय अपने एक और बयान को लेकर चर्चा में हैं. खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण आजम खान ने मुस्लिम समुदाय से सादगी से ईद मनाने की अपील की है.
‘नए नहीं, काले कपड़े पहनकर विरोध जताएं’
आजम खान ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की है कि वे इस ईद में नए कपड़े ना पहनें. आजम ने कहा कि ईरान पर हुए हमले में बच्चियों की मौत हो गई. बच्चियों की मौत के विरोध में इस बार सादगी के साथ और काले कपड़े पहनकर ईद मनाएं. इसके साथ ही ईद के मौके पर खुशी का प्रदर्शन करने से भी बचें.
आजम खान का बयान ऐसे समय पर आया है, जब अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ता जा रहा है. खाड़ी के देशों में चल रहे युद्ध के बीच आजम खान ने सुन्नी समुदाय से सादगी के साथ ईद मनाने की अपील की है.
जेल पहुंचकर तंजीन ने की मुलाकात
आजम खान की पत्नी डॉ तंजीन फात्मा और सपा नेता यूसुफ मलिक आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे थे. दोनों ने आजम खान से मुलाकात कर उनका हाल जाना. आजम खान से मुलाकात के बाद डॉ तंजीन और यूसुफ मलिक ने मीडिया से बातचीत की. इस दौरान यूसुफ मलिक ने आजम खान के मैसेज को मुस्लिम समुदाय के लिए शेयर किया.
फर्जी पैन कार्ड मामले में जेल काट रहे हैं आजम खान
सपा नेता आजम खान और उनका बेटा अब्दुल्ला आजम फर्जी पैन कार्ड से जुड़े मामले में दोषी करार दिए जा चुके हैं. दोनों रामपुर जिले में सजा काट रहे हैं.
हालांकि ये पहली दफा नहीं है, जब आजम खान का कोई बयान सुर्खियों में आया हो. आजम खान अक्सर कई मुद्दों पर बयान देते रहते हैं. उनके बयान अक्सर लाइमलाइट में रहते हैं.
ये भी पढ़ें: LPG लेकर भारत आ रहे दो जहाजों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया, 2-3 दिनों में पहुंचेंगे; जंग के बीच मिलेगी बड़ी राहत