बिहार कांग्रेस में बगावत के सुर!पार्टी के खिलाफ दिल्ली में धरने की तैयारी, क्या है वजह?
राहुल गांधी
bihar congress: बिहार विधानसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आने लगा है. पार्टी के कुछ नाराज नेता और कार्यकर्ता अब दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं. उनका आरोप है कि बिहार कांग्रेस के नेतृत्व ने चुनावी हार के कारणों पर गंभीरता से विचार नहीं किया. लगातार उनकी बातों को नजरअंदाज किया गया.
बिहार से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 8 सितंबर को दिल्ली स्थित इंदिरा भवन के बाहर शांतिपूर्ण धरना देंगे. प्रदर्शनकारियों का गुस्सा खासतौर पर बिहार कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम को लेकर है. नाराज नेताओं का कहना है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए.
कैसा था बिहार में कांग्रेस का प्रदर्शन?
साल 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा था. पार्टी केवल 6 सीटें जीत सकी, जबकि 2020 के चुनाव में उसके खाते में 19 सीटें आई थीं. प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम भी अपनी सीट नहीं बचा पाए थे. इस तरह के चुनावी नतीजों के कारण ही कार्यकर्ता बड़ी संख्या में नाराज चल रहे हैं.
नाराज नेताओं का क्या कहना है?
नाराज नेताओं का कहना है कि वे लंबे समय से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर अपनी बात रखना चाहते हैं. उनका दावा है कि राहुल गांधी से मिलने के लिए कई बार समय मांगा गया. लेकिन, अब तक मुलाकात नहीं हो सकी. नेताओं का आरोप है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
अब बिहार कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं ने अपनी मांगों और नाराजगी को सार्वजनिक रूप से उठाने का फैसला किया है. इस प्रदर्शन में पार्टी के कई पूर्व पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें:हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण पर राहुल का हमला! PM से कार्रवाई की मांग, 12 सितंबर को इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’