वायरल वीडियो से उठे सवाल, अब एक्शन मोड में निशांत कुमार! सरकारी अस्पतालों में CCTV निगरानी का बड़ा फैसला

Nishant Kumar News: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के चलते सवालों में आए बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अब लगातार एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं.
न‍िशांत कुमार

न‍िशांत कुमार

Nishant Kumar News: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार एक बार फिर अपने फैसलों को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का बड़ा फैसला लिया है. इन कैमरों की निगरानी पटना में बनाए जा रहे केंद्रीय कंट्रोल रूम से होगी, ताकि अस्पतालों में डॉक्टरों की मौजूदगी, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और पूरे कामकाज पर लगातार नजर रखी जा सके. इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग में एक मॉनिटरिंग सेल भी बनाई जा रही है, जो अस्पतालों से जुड़ी शिकायतों और व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा करेगी.

निशांत कुमार के मंत्री बनने के बाद शुरुआती दिनों में उनके कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए थे. खासकर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दौरान सामने आए वीडियो और कुछ सार्वजनिक कार्यक्रमों की क्लिप्स को लेकर लोगों ने उनकी कार्यशैली और सक्रियता पर सवाल उठाए थे. इन वीडियो पर सोशल मीडिया में खूब चर्चा हुई और विपक्ष ने भी उन्हें निशाने पर लिया.

अपने विभाग को लेकर सख्‍त हुए न‍िशांत

हालांकि, इन विवादों के बाद निशांत कुमार लगातार अपने विभाग में सक्रिय नजर आए.उन्होंने सरकारी अस्पतालों का औचक निरीक्षण शुरू किया, मरीजों से सीधे बातचीत की और डॉक्टरों व कर्मचारियों की लापरवाही पर कार्रवाई के संकेत दिए.हाल ही में पीएमसीएच के प्राचार्य के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई, जिसे स्वास्थ्य विभाग में जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना गया.

अब पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश

अब सीसीटीवी निगरानी की नई व्यवस्था के जरिए अस्पतालों में पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है.विभाग का कहना है कि डॉक्टरों की उपस्थिति, ओपीडी, ऑपरेशन और मरीजों को मिलने वाली सेवाओं पर नजर रखी जाएगी.

इसके अलावा अस्पतालों में मुफ्त दवाओं की उपलब्धता और मेडिकल उपकरणों के खराब होने की सूचना भी तेजी से दर्ज कर समाधान किया जाएगा.इमरजेंसी सेवाओं को मजबूत करने के लिए हाईवे पर 100 एम्बुलेंस तैनात करने की योजना भी बनाई गई है.

अब फ‍िर चर्चा में न‍िशांत

यानी जिन वायरल वीडियो को लेकर कुछ समय पहले निशांत कुमार सवालों के घेरे में थे, अब वे स्वास्थ्य विभाग में सुधार और निगरानी बढ़ाने वाले फैसलों के जरिए अपनी कार्यशैली को लेकर अलग संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें:टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा पर हमला! रेस्टोरेंट में चल रही बैठक के दौरान फेंके अंडे, BJP समर्थकों पर आरोप

ज़रूर पढ़ें