बिहार का प्लंबर निकला आतंकी मॉड्यूल गजवा-ए-हिंद’ का सदस्य, दिल्ली पुलिस ने कटिहार से किया गिरफ्तार
बिहार से युवक गिरफ्तार
Bihar News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजधानी में संभावित आतंकी हमले की बड़ी साजिश का खुलासा करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों के अनुसार, यह समूह कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था और देश में हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी कर रहा था. गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कटिहार जिले का रहने वाला मोहम्मद सोहेल भी शामिल है, जो पेशे से प्लंबर बताया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मॉड्यूल सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को जोड़ने, उनका ब्रेनवॉश करने में जुटा था. जांच में सामने आया है कि समूह के कुछ सदस्य भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने के लिए रिमोट कंट्रोल तकनीक से IED तैयार करने की कोशिश कर रहे थे. बताया जा रहा है कि खिलौना कारों के सर्किट का इस्तेमाल कर विस्फोटक डिवाइस तैयार करने की योजना बनाई गई थी.
दिल्ली में कई जगहों पर कर चुका था रेकी
जांच एजेंसियों ने दावा किया है कि आरोपी शेख इमरान ने दिसंबर 2025 में दिल्ली आकर कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की थी. इनमें लाल किला और इंडिया गेट जैसे प्रमुख स्थल शामिल बताए जा रहे हैं. इसके बाद एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी बढ़ाई और पूरे नेटवर्क पर नजर रखी.
पुलिस ने प्लंबर को किया गिरफ्तार
कटिहार के मनिहारी क्षेत्र का निवासी सोहेल कथित तौर पर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय था. उस पर आरोप है कि उसने हथियार और विस्फोटक जुटाने के लिए लोगों से आर्थिक मदद मांगी थी. इसके लिए बैंक खाता और QR कोड भी साझा किए गए थे.
गिरफ्तार अन्य आरोपियों में महाराष्ट्र के ठाणे से मूसाहिब अहमद, मुंबई से मोहम्मद हम्माद और ओडिशा के भुवनेश्वर से शेख इमरान शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया ग्रुप के जरिए एक-दूसरे से जुड़े हुए थे, जहां कट्टरपंथी सामग्री साझा की जाती थी.
गांव में पसरा सन्नाटा
सोहेल की गिरफ्तारी के बाद उसके गांव में सन्नाटा पसरा है. परिवार का कहना है कि उन्हें उसकी गतिविधियों की कोई जानकारी नहीं थी. वहीं, कटिहार पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन की जांच में संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद कार्रवाई तेज की गई. फिलहाल एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं.
ये भी पढ़ें:यूपी सरकार का यू-टर्न! पुराने बिजली मीटरों की अदला-बदली फिलहाल बंद