पुष्पा स्टाइल में लाल चंदन की तस्करी, 7.72 करोड़ की लकड़ियां जब्त, मलेशिया भेजने की थी तैयारी
चेन्नई. राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने लाल चंदन की अंतरराष्ट्रीय तस्करी के एक बड़े प्रयास को विफल करते हुए चेन्नई बंदरगाह पर 7.72 करोड़ रुपए मूल्य की 12.87 मीट्रिक टन उच्च गुणवत्ता वाली लाल चंदन की लकड़ियां जब्त की हैं. तस्करी के लिए लकड़ियों को पेपर लैमिनेट रोल के नाम पर मलेशिया भेजने की तैयारी थी. इस मामले में गिरोह के तीन प्रमुख सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है.
डीआरआई अधिकारियों को चेन्नई स्थित एक संगठित गिरोह द्वारा लाल चंदन की लकड़ियों को मलेशिया भेजने की विशेष खुफिया जानकारी मिली थी. इसके आधार पर 9 से 11 नवंबर 2026 के दौरान चेन्नई बंदरगाह पर एक निर्यात कंटेनर को जहाज में लादे जाने से पहले ही रोक लिया गया. कंटेनर में पेपर लैमिनेट रोल होने की घोषणा की गई थी. 9 और 10 नवंबर को की गई विस्तृत जांच में घोषित माल की थोड़ी मात्रा और बजरी के पत्थरों के बीच छिपाकर रखी गई 12.87 मीट्रिक टन लाल चंदन की लकड़ियां बरामद हुईं.
जांच में सामने आया कि गिरोह ने निर्माता-निर्यातक को उपलब्ध कंटेनर की स्वयं सील लगाने की सुविधा का दुरुपयोग किया था. आरोपियों ने निर्यातक के माध्यम से माल की खेप तैयार करवाई और कंटेनर को एक निजी गोदाम में ले जाकर उसमें घोषित पेपर लैमिनेट रोल की जगह लाल चंदन की लकड़ियां भर दीं. इसके बाद कंटेनर को निर्यात के लिए बंदरगाह भेज दिया गया.
गोदाम से मिले तस्करी के सबूत
कंटेनर की कार्रवाई के बाद डीआरआई की टीम ने संबंधित निजी गोदाम की भी तलाशी ली. यहां से घोषित मूल माल, एक औद्योगिक वजन मशीन और लाल चंदन के अवशेष बरामद किए गए. इन सामग्रियों से तस्करी के तरीके और इसमें शामिल लोगों की भूमिका के संबंध में महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले. लाल चंदन की लकड़ियों के साथ उन्हें छिपाने के लिए इस्तेमाल की गई अन्य सामग्री को भी सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत जब्त कर लिया गया है.
लाल चंदन के निर्यात पर प्रतिबंध
लाल चंदन (टेरोकार्पस सैंटालिनस) संरक्षित प्रजाति है. इसे अंतरराष्ट्रीय वन्य जीव एवं वनस्पति लुप्तप्राय प्रजाति व्यापार कन्वेंशन (सीआईटीईएस) के परिशिष्ट-2 और वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-4 में शामिल किया गया है. भारत की विदेश व्यापार नीति के तहत इसके निर्यात पर प्रतिबंध है.



