CJP Protest Delhi: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर विवाद दूसरे दिन भी जारी है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके और दो अन्य नेताओं आशुतोष रांका व सौरव दास को पुलिस ने हिरासत में रखा गया था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, तीनों नेताओं को 11 अक्टूबर को दिल्ली कैंट पुलिस स्टेशन में एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया. जहां से उन्हें रिहा कर दिया.
CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया था. पार्टी चुनावी मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और वोटरों के नाम काटे जाने के मुद्दे को उठा रही है. पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी. इसके साथ ही राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी.
यूट्यूबर-इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को रविवार सुबह करीब 3 बजे रिहा कर दिया गया. उन्हें शनिवार को प्रदर्शन से ठीक पहले गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में लिया गया था.
कल हिरासत में लिए गए थे सीजेपी नेता
10 अक्टूबर को अभिजीत दीपके, आशुतोष रांका और सौरव दास मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे. उनकी फ्लाइट इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही पुलिसकर्मी विमान के अंदर पहुंच गए. तीनों को हिरासत में ले लिया. दीपके ने विमान के भीतर से वीडियो बनाकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे. उनका कहना था कि वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने आए थे.
सुप्रीम कोर्ट में भी आज होगी सुनवाई
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान हिरासत और सार्वजनिक परिवहन पर लगी पाबंदियों का मामला सुप्रीम कोर्ट भी पहुंच गया है. 11 अक्टूबर को अदालत में दो याचिकाओं पर विशेष सुनवाई निर्धारित है. गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 9 अक्टूबर को कहा था कि प्रदर्शन रोकने के लिए दिल्ली की मेट्रो और रेल सेवाओं को पूरी तरह बंद नहीं किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में आज फिर CJP का प्रदर्शन, जंतर-मंतर के आसपास 163 लागू, 35000 से ज्यादा जवान तैनात
