‘पहले ज्ञानेश जाएंगे फिर होगी लोकतंत्र की मरम्मत…’, राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला
राहुल गांधी (File Photo)
Rahul Gandhi: कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार मुख्य चुनाव आयोग के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. पिछले 3 दिनों तक लगातार उन्होंने दिल्ली की सड़कों पर प्रदर्शन किया. इसको लेकर उनपर 2 एफआईआर भी दर्ज की गई हैं. बीते दिन देर रात उन्होंने राष्ट्रपति से भी मुलाकात की. दिल्ली चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार पर निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ज्ञानेश कुमार जाएंगे इसके साथ ही यह सरकार भी जाएगी. उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद ही लोकतंत्र की मरम्मत शुरू होगी. दूसरी तरफ अब उन्होंने दक्षिण में भी अपने छात्रों की गूंज कार्यक्रम की एंट्री कर दी है.
ज्ञानेश कुमार जाएँगे। यह सरकार जाएगी। फिर शुरू होगी लोकतंत्र की मरम्मत। 🇮🇳 https://t.co/spGmBxgXLn
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 10, 2026
राहुल लगातार उठा रहे कथित गड़बड़ियों का मुद्दा
राहुल गांधी लगातार चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठा रहे हैं. विपक्ष का आरोप है कि चुनाव व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है. इस मामले को लेकर राहुल गांधी और विपक्षी दलों के नेताओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात की थी. विपक्ष ने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है.
चेन्नई में छात्रों के बीच राहुल गांधी
दिल्ली में CJP के प्रदर्शन के बीच राहुल गांधी शनिवार को तमिलनाडु के चेन्नई में छात्रों से संवाद करने पहुंचे हैं. यहां ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए वह युवाओं से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
बीजेपी ने भी किया पलटवार
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने भी प्रतिक्रिया दी है. बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है. बीजेपी का कहना है कि विपक्ष चुनावी हार से निराश होकर ऐसे मुद्दे उठा रहा है.
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके मंसूबे पूरे नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि CJP के तथाकथित नेता जिस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं, उसे देश के युवा देख रहे हैं. लोकतंत्र को चुनौती देने की ऐसी कोशिशों को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी.
ये भी पढ़ें:अभिजीत दिपके समेत पूरी टीम को पुलिस ने हिरासत में लिया, विमान से उतरने का भी नहीं मिला मौका