Manish Brahmbhatt Forms CJP-D: अभिजीत दीपके की कॉकरोच जनता पार्टी के बाद अब मनीष ब्रह्मभट्ट ने भी अपनी कॉकरोच जनता पार्टी-डेमोक्रेटिक लॉन्च कर दी है. इस दौरान उन्होंने अपील की कि संगठन को लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से तैयार किया जाए. उन्होंने कहा कि यह किसी एक नेता या राजनीतिक व्यक्ति की टीम नहीं, बल्कि देश की टीम होनी चाहिए. उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि इसे केजरीवाल की टीम मत बताओ. नए गुट का दावा है कि इसमें वे सभी लोग शामिल हैं, जो सीजेपी से असहमत हैं और उससे अलग हो गए हैं.
मनीष ब्रह्मभट्ट ने बताया कि संगठन से जुड़ने के लिए सोशल मीडिया अकाउंट, WhatsApp नंबर और मिस्ड कॉल की सुविधा शुरू की गई है. उन्होंने कहा कि जो लोग पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास रखते हैं. वे चाहते हैं कि संगठन की टीम भी जनता के प्रति जवाबदेह हो, वे इस अभियान से जुड़ सकते हैं.
केजरीवाल की टीम मत बनाओ-मनीष
मनीष ब्रह्मभट्ट ने कहा कि इस नए संगठन की जरूरत इसलिए महसूस हुई क्योंकि उनके मुताबिक, जिस बड़े आंदोलन को जनता का आंदोलन बताया गया था. उसमें बाद में राजनीतिक हित हावी होने लगे. उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों से कई बार अनुरोध किया कि आंदोलन को किसी एक नेता की टीम में बदलने के बजाय लोकतांत्रिक तरीके से देश की टीम बनाई जाए.
सीजेपी-डी का कहना है कि प्रोटेस्ट के बाद किसी भी वालंटियर या प्रदर्शनकारी से सलाह-मशविरा नहीं किया गया. CJP कमेटी में 8 ऐसे लोग हैं, जो AAP से जुड़े हैं. इनमें उनके दोस्त और गर्लफ्रेंड भी शामिल हैं.
भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने का दावा
मनीष ब्रह्मभट्ट ने कहा कि उनका संगठन किसी एक राजनीतिक पार्टी के खिलाफ नहीं है. उन्होंने दावा किया कि उनका समूह भ्रष्टाचार और खराब राजनीतिक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाएगा, चाहे वह किसी भी पार्टी या राज्य से जुड़ी हो.
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा अभियान का लक्ष्य सिर्फ एक राजनीतिक दल को हराना रह गया है. जनता के मुद्दों तथा भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने पर ध्यान नहीं दिया जा रहा.
ब्रह्मभट्ट की आम लोगों से अपील
ब्रह्मभट्ट ने कहा कि उनकी पार्टी की राष्ट्रीय टीम लोकतांत्रिक तरीके से बनाई जाएगी. हर महत्वपूर्ण फैसला सदस्यों की राय लेकर लिया जाएगा. उन्होंने पारदर्शिता के साथ काम करने का वादा करते हुए नागरिकों और स्वयंसेवकों से सोशल मीडिया, WhatsApp और मिस्ड कॉल के जरिए संगठन से जुड़ने की अपील की है.
ये भी पढ़ें:UP की किस सीट से चुनाव लड़ेंगे अजय राय? खुद कर दिया ऐलान, सीएम योगी को दे दी चुनौती
