झारखंड सरकार से बातचीत के लिए 8 छात्रों का डेलिगेशन फाइनल, लिस्‍ट में एक वकील और दो एक्सपर्ट के नाम भी शामिल

Ranchi JPSC-JSSC Protest: रांची में प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सरकार के साथ वार्ता के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन कर उसके नामों की सूची प्रशासन को सौंप दी है.
Ranchi JPSC-JSSC Protest

रांची स्‍टूडेंट प्रोटेस्ट

Ranchi JPSC-JSSC Protest: रांची में झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच अब बातचीत की दिशा में पहल तेज हो गई है. प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सरकार के साथ वार्ता के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल का गठन कर उसके नामों की सूची प्रशासन को सौंप दी है. दूसरी ओर राज्य सरकार ने भी छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत करने पर सहमति जताई है.

छात्रों की ओर से तैयार की गई प्रतिनिधिमंडल की सूची अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) को सौंपी गई है. इस प्रतिनिधिमंडल में कुल 11 सदस्य शामिल हैं, जिनमें 8 छात्र, 1 अधिवक्ता और 2 तकनीकी विशेषज्ञ शामिल किए गए हैं. छात्रों का कहना है कि ये प्रतिनिधि उनकी प्रमुख मांगों और परीक्षा प्रणाली में सुधार से जुड़े मुद्दों को सरकार के सामने विस्तार से रखेंगे.

समय और जगह तय होने के बाद होगी बातचीत

छात्रों की तरफ से डेलिगेशन की सूची दे दी गई है अब सरकार के जवाब का इंतजार हो रहा है. मुलाकात के लिए सरकार बैठक के लिए समय और जगह का चयन करके छात्रों को इसकी सूचना देगी. बताया जा रहा है कि समय और स्‍थान के तय होने के बाद सरकार आज ही छात्रों के डेलिगेशन से बातचीत कर सकती है.

डेलिगेशन में शामिल छात्रों के नाम

  • पीयूष कुमार सिंह
  • रविन्‍द्र पासवान
  • राजेश प्रसाद
  • नीतू कुजूर
  • कार्तिक सोरेन
  • रविन्‍द्र
  • अंकित कुमार
  • शालू सिंह

छात्रों ने किया मजबूत डेलिगेशन का चयन

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने सरकार से बातचीत के लिए अपनी रणनीति काफी सोच-समझकर बनाई है. सरकार से मुलाकात के लिए उन्‍होंने केवल छात्रों को भेजना ठीक नहीं समझा, बल्कि छात्रों के डेलिगेशन में वकील और दो तकनीकी एक्सपर्ट्स को भी शामिल किया है. इस फैसले से परीक्षा प्रणाली में आ रही तकनीकी खामियों, धांधली के आरोपों और कानूनी बारीकियों पर सरकार के सामने मजबूती के साथ पक्ष रखा जाएगा.

सरकार और छात्रों के बीच प्रस्तावित वार्ता को आंदोलन के लिए अहम माना जा रहा है. अब सभी की नजर इस बातचीत पर टिकी है कि क्या सरकार छात्रों की मांगों पर सकारात्मक फैसला लेती है या आंदोलन आगे भी जारी रहेगा.

सरकार ने भी बनाया प्रतिनिधिमंडल

वहीं इस प्रदर्शन के बीच सरकार ने पहले ही छात्रों से बातचीत के लिए चार मंत्रियों का प्रतिनिध‍िमंडल बनाया है. हालांकि जिन मंत्रियों को बातचीत के लिए प्रतिनिध‍िमंडल में शामिल किया है उनके नाम सामने नहीं आए हैं.

कॉकरोच जनता पार्टी ने दिया समर्थन

झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन को काॅकरोच जनता पार्टी ने भी समर्थन दिया है. सीजेपी के संस्‍थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि, हम निश्चि‍त रूप से झारखंड जाएंगे और वहां प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हम भी साथ खड़े हैं. हम छात्रों की मांग का समर्थन करते हैं.

ये भी पढे़ं- रांची में छात्रों का आंदोलन जारी, बातचीत से पहले सरकार के सामने रखी अहम मांगें

ज़रूर पढ़ें