UN का डिप्लोमैटिक बैग और अंदर करोड़ों का जहर… 22 किलो कोकीन बरामद
नई दिल्ली. एयरपोर्ट की कड़ी सुरक्षा और कस्टम जांच से बचने के लिए अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट अब कानून के सबसे संवेदनशील विशेषाधिकारों को ढाल बना रहे हैं. ताजा मामला देश की राजधानी दिल्ली से सामने आया है, जहां राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक ऐसे हाई-प्रोफाइल तस्करी के खेल का पर्दाफाश किया है, जो किसी जासूसी फिल्म की स्क्रिप्ट जैसा लगता है. पश्चिमी अफ्रीकी देश सिएरा लियोन से आई एक विदेशी महिला ने खुद को संयुक्त राष्ट्र (UN) का राजनयिक कूरियर बताकर अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन उसके ब्रीफकेस से 22 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई.
क्यों खास है यह मामला?
अंतरराष्ट्रीय नियमों (वियना कन्वेंशन) के तहत राजनयिक डाक (Diplomatic Mail) को सामान्य जांच से छूट मिलती है. ड्रग तस्करों ने इसी अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल की आड़ लेने की कोशिश की. महिला के पास मौजूद ब्रीफकेस पर बाकायदा डिप्लोमैटिक मेल और बिना अनुमति न खोलें जैसे आधिकारिक निशान लगे थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियां अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल के डर से बैग को हाथ न लगाएं. जांच से बचने के लिए महिला ने जो दस्तावेज पेश किए, उनमें खुद को संयुक्त राष्ट्र (UN) से जुड़ा राजनयिक कूरियर बताया गया था.
कैसे फेल हुआ सिंडिकेट का फुलप्रूफ प्लान?
तस्करों को लगा था कि डिप्लोमैटिक बैग का टैग उन्हें एयरपोर्ट से सुरक्षित बाहर निकाल लेगा, लेकिन DRI के पास इस खेप की सटीक खुफिया जानकारी पहले से मौजूद थी. जब अधिकारियों ने महिला के दस्तावेजों की बारीकी से जांच की, तो वे पहली ही नजर में फर्जी प्रतीत हुए. संदेह पुख्ता होने पर DRI ने तय प्रक्रिया के तहत ब्रीफकेस को खुलवाया. अंदर प्लास्टिक की कई परतों में बेहद शातिराना तरीके से छिपाए गए सफेद रंग के ईंटनुमा 22 पैकेट मिले, मौके पर की गई जांच में पुष्टि हुई कि यह उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत कई करोड़ रुपए आंकी गई है.
सिंडिकेट के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा
DRI ने एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम, 1985 के तहत कोकीन जब्त कर विदेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे कोर्ट में पेश किया गया है.


