CJP Protest: प्रदर्शनकारियों ने जनपथ में दुकानों में की तोड़फोड़, पुलिस की गाड़ियों को बनाया निशाना, कई पुलिसकर्मी घायल
Delhi CJP Protest: दिल्ली में नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को संसद की ओर मार्च किया. इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई. शाम होते-होते ये विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया. जनपथ स्थित कई दुकानों में तोड़फोड़ की गई. ऑटो समेत दूसरे वाहनों के शीशे भी तोड़े गए. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की एक गाड़ी को भी निशाना बनाया. उसमें तोड़फोड़ की और उसे पलटा दिया. पुलिस के कई जवान भी घायल हो गए हैं.
पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस और पैरामिलिट्री के जवानों को तैनात किया गया है. जानकारी के मुताबिक प्रदर्शन स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर भारी संख्या में प्रदर्शनकारी डटे हुए हैं. कॉकरोच जनता पार्टी ने आरोप लगाया है पुलिस ने निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे.
कई प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस के जवानों और कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए. बताया जा रहा है कि करीब 100 पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं. पुलिस ने 100 से ज्यादा प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है. पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि वेरिफिकेशन और कानूनी औपचारिकताओं के बाद रिहा किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: ‘भूख हड़ताल जारी रखूंगा…’, CJP प्रोटेस्ट के बीच सोनम वांगचुक का बड़ा बयान
राहुल गांधी वीडियो जारी कर जताया विरोध
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में आपत्ति जताई है. उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास के सबसे युवा विरोधी प्रधानमंत्री हैं. इतने युवा विरोधी हैं कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं ले सकते हैं. 152 पेपर लीक हुए और इससे 7.5 करोड़ छात्र पीड़ित हैं. इसके बावजूद किसी को भी सजा नहीं मिली है.