Delhi Protest Ban Petition: देश की राजधानी दिल्ली में पिछले एक महीने से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. इन प्रदर्शनों के कारण कई दिनों तक बाजार बंद रखने पड़ रहे हैं. जिसका सीधा असर वहां के व्यापारियों पर पड़ रहा है. पिछले दिनों व्यापारियों ने मांग की थी कि इस तरह के प्रदर्शनों पर रोक लगाई जाए. अब इसी को लेकर एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई है, जिसमें मांग की गई कि दिवाली तक दिल्ली प्रदर्शनों पर रोक लगाई जाए. याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने तत्काल किसी भी तरह का आदेश देने से साफ इनकार कर दिया है. वहीं यह भी कहा कि अगर नुकसान होता है तो मुआवजे पर विचार किया जा सकता है.
सुप्रीम कोर्ट में दायर की गई याचिका में त्योहारी सीजन के दौरान मध्य दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की गई है. कोर्ट ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ द्वारा आज प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के संबंध में तुरंत कोई निर्देश जारी करने से इनकार कर दिया.इसके साथ ही याचिका को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि उसे उम्मीद है कि समझदारी से काम लिया जाएगा.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले पर 26 या 27 अक्टूबर को सुनवाई करेगा. कोर्ट ने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन, मूंगफली भेजने की घटना और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दे आपस में जुड़े हुए हैं. कोर्ट ने आगे कहा कि अगर कारोबार को नुकसान होता है, तो वह अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल करेगा. लेकिन, साथ ही यह भी कहा कि पहले वह देखेगा कि हालात कैसे आगे बढ़ते हैं.
2000 करोड़ का व्यापार हुआ था ठप
दिल्ली में पिछले दिनों हुए प्रदर्शन के दौरान करीब 2 दिनों तक कई बाजारों को पूरी तरह से बंद रखना पड़ा था. यही वजह है कि इसके कारण व्यापारियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा था. सीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक उन दो दिनों के भीतर करीब 2 हजार करोड़ रुपये का व्यापार प्रभावित हुआ है. सीटीआई ने इसको लेकर गृह मंत्रालय को पत्र भी लिखा था. जिसमें इन प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की गई थी.
दिल्ली में आज कॉकरोच पार्टी की तिरंगा रैली
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शुक्रवार शाम 5 बजे दिल्ली में कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ रैली करने जा रही है. इस प्रदर्शन को देखते हुए 28 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं. वहीं सीजेपी अभिजीत दिपके का दावा है कि वह कभी भी गिरफ्तार हो सकते हैं.
