दिल्ली के विवेक विहार में AC ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 9 लोगों की मौत, कई घायल
भीषण आग के कारण 9 लोगों की मौत
Delhi Vivek Vihar Fire: देश की राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया. विवेक विहार स्थित एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई गंभीर रूप से झुलस गए. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह आग AC ब्लास्ट के कारण लगी थी.
विवेक विहार में यह हादसा सुबह करीब 3:45 बजे के आसपास हुआ. आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि एसी में हुए विस्फोट के बाद आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया.
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. करीब 14 फायर टेंडर को आग बुझाने में लगाया गया और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया.
हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत
इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है. जबकि कई अन्य लोग झुलस गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं. बताया जा रहा है कि आग लगने के समय अधिकांश लोग अपने घरों में सो रहे थे, जिससे बच निकलना मुश्किल हो गया. कई लोगों को दम घुटने और जलने की वजह से नुकसान हुआ. राहत-बचाव टीमों ने इमारत से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जबकि कुछ अभी भी लापता बताए जा रहे हैं.
जांच में जुटी टीमें
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं. आग किस वजह से फैली और क्या सुरक्षा मानकों में लापरवाही हुई, इसकी पड़ताल की जा रही है.शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि यह हादसा विवेक विहार स्थित चार मंजिला इमारत में हुआ. 9 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है.फॉरेंसिक टीम और दमकल विभाग के अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं.
ये भी पढ़ें: MP IPS Transfer: एमपी में फिर से चली तबादला एक्सप्रेस, 62 आईपीएस का ट्रांसफर, 24 जिलों के एसपी बदले