परिसीमन बिल आने के बाद SC-ST सीटों में भी होगी बढ़ोतरी? समझिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट
Delimitation Bill: परिसीमन बिल को लेकर इस समय देशभर का सियासी माहौल गर्म है. देश की राजधानी से लेकर राज्यों की राजधानी में भी नेताओं का जमावड़ा देखने को मिल रहा है. परिसीमन बिल के आने के बाद क्या बदलाव होगा? किन बातों की जानकारी आपको होनी चाहिए और क्या है इस बिल को लाने के पीछे की असली वजह, इन सब सवालों का जवाब तलाशने के लिए विस्तार न्यूज के एडिटर इन चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने सीधे मुद्दे की बात में नेताओं-पत्रकारों और आम लोगों से खुलकर बात की है.
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े से जब विस्तार न्यूज के एडिटर इन चीफ ज्ञानेंद्र तिवारी ने सवाल पूछा कि परिसीमन बिल आने के बाद SC-ST सीटों में क्या बदलाव होगा? इस पर उन्होंने जवाब दिया. उन्होंने यह भी बताया कि इस बिल के आने के बाद राजनीतिक माहौल किस तरह से बदलेगा.
पूर्व प्रमुख सचिव चंद्रशेखर गंगराड़े ने क्या बताया?
गंगराड़े ने बताया कि फिलहाल लोकसभा में 543 सीट वाले लोकसभा में अनुसूचित जाति के लिए 84 और अनुसूचित जनजाति के लिए 47 सीटें यानी कुल 131 सीटें आरक्षित हैं. परिसीमन के बाद इनकी सीटों की संख्या 50 फीसद बढ़कर 197 हो जाएगी. कुल मिलाकर इन सीटों का फायदा सभी वर्गो को मिलेगा.
उन्होंने आगे बताया कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की सीटों में एक तिहाई संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित होगी. सीटों में 50 फीसद बढ़ोतरी की स्थिति में संविधान के अनुच्छेद 332 और अनुच्छेद 334 के अनुसार उनकी सीटें में भी उसी अनुपात में बढ़ जाएगी.
एससी-एसटी महिलाओं को भी मिलेगा आरक्षण
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों में भी करीब एक-तिहाई सीटें संबंधित वर्ग की महिलाओं के लिए निर्धारित होगी. हालांकि एक बात पर खास ध्यान देना होगा कि कई जगहों पर एससी-एसटी की आबादी कम हुई है. तो यहां जरूर उनको नुकसान हो सकता है. परिसीमन बिल में साफ लिखा गया है कि महिला आरक्षण के लिए नई व्यवस्था बनेगी.
क्योंकि साल 2023 के महिला आरक्षण कानून में आरक्षण को अगली जनगणना और उसके बाद परिसीमन से जोड़ा गया था. प्रस्ताव के अनुसार आरक्षण की अवधि 15 वर्ष होगी. महिलाओं के लिए आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में समय-समय पर बदलाव किया जाएगा. यानी कि इसमें क्या बदलाव होना है यह सब प्रक्रिया परिसीमन आयोग तय करेगा.



