पश्चिम बंगाल की फाल्टा सीट पर बीजेपी के देबांग्शु पांडा की 1 लाख वोटों से जीत, टीएमसी की हालत देख हर कोई हैरान
सुवेंदु अधिकारी और देबांग्शु पांडा
Falta Assembly Election Result: पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए री-पोल में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज कर ली है. बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने भारी बढ़त के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया, जबकि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान चुनावी तस्वीर में काफी पीछे रह गए. मतगणना के दौरान शुरुआत से ही बीजेपी लगातार बढ़त बनाए रही और आखिरकार यह सीट भगवा खेमे के खाते में चली गई.
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक देबांग्शु पांडा को 149666 हजार से ज्यादा वोट मिले हैं. जबकि उनके सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी सीपीएम के शंभु नाथ कुर्मी काफी पीछे रह गए हैं. कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक मोल्ला तीसरे स्थान पर रहे और टीएमसी के जहांगीर खान चौथे नंबर तक सिमट गए. टीएमसी उम्मीदवार ने चुनाव से एक दिन पहले ही पीछे हटने का ऐलान कर दिया था.
देबांग्शु पांडा ने इस चुनाव में 1 लाख से ज्यादा वोटों से जीत दर्ज की है, पूरी मतगणना के दौरान भारी सुरक्षाबल तैनात किया गया था.
क्यों दोबारा कराया गया मतदान
फाल्टा सीट पर दोबारा मतदान इसलिए कराया गया था क्योंकि पहले चरण के मतदान के बाद ईवीएम गड़बड़ी और चुनावी अनियमितताओं के आरोप लगे थे. इसके बाद चुनाव आयोग ने पूरे विधानसभा क्षेत्र के 285 बूथों पर री-पोल कराने का फैसला लिया था. 21 मई को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दोबारा वोटिंग हुई थी, जिसमें बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों तक पहुंचे.
जहांगीर खान ने वोटिंग से एक दिन पहले किया ऐलान
इस चुनाव की सबसे बड़ी चर्चा टीएमसी नेता जहांगीर खान को लेकर रही है. मतदान से ठीक पहले उन्होंने अचानक चुनाव से पीछे हटने का ऐलान कर दिया था. हालांकि उनका नाम बैलेट और ईवीएम में बना रहा, लेकिन राजनीतिक रूप से यह फैसला टीएमसी के लिए बड़ा झटका माना गया. बीजेपी ने इसे टीएमसी की हार की स्वीकारोक्ति बताया था.
बीजेपी खेमे में इस जीत को पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा संदेश माना जा रहा है. पार्टी नेताओं का कहना है कि फाल्टा की जनता ने डर और दबाव की राजनीति को नकारते हुए बीजेपी पर भरोसा जताया है.
ये भी पढ़ें: ‘बीजेपी धर्मशाला नहीं है…’, बंगाल में BJP में बढ़ी बेचैनी! TMC से आए नेताओं पर उठ रहे सवाल