Gujarat ATS का बड़ा एक्शन! जैश मॉड्यूल के 8 संदिग्ध आतंकी एमपी-गुजरात से गिरफ्तार, दहशत फैलाने की साजिश नाकाम
गुजरात की तरफ से गिरफ्तार किए गए आतंकी
Gujarat ATS: देश में आतंकी गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है. गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से कथित रूप से जुड़े आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. इनकी गिरफ्तारी गुजरात और मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों से की गई है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये लोग नए लोगों को जोड़कर संगठन का नेटवर्क मजबूत करने और आतंकी गतिविधियों के लिए माहौल तैयार करने में जुटे थे.
ATS के मुताबिक, आरोपियों ने अपनी असली पहचान छिपाने के लिए कई फर्जी नाम और उपनाम अपना रखे थे. जांच एजेंसियों का दावा है कि इनका उद्देश्य गुजरात समेत देश के अन्य हिस्सों में जैश-ए-मोहम्मद की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाना था. समय रहते कार्रवाई होने से उनकी कथित साजिश आगे नहीं बढ़ सकी.
बाहर से मिल रही थी आर्थिक मदद
गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनके संपर्क किन लोगों से थे, इन्हें आर्थिक और तकनीकी मदद कहां से मिल रही थी और क्या इनके तार किसी विदेशी हैंडलर से भी जुड़े हुए हैं.
इलेक्ट्रानिक गैजेट की जांच में लगी पुलिस
सूत्रों के अनुसार, जांच का दायरा लगातार बढ़ाया जा रहा है. एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही हैं ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि क्या देश के दूसरे राज्यों में भी इनके सहयोगी सक्रिय हैं.
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इस कार्रवाई से एक संभावित आतंकी नेटवर्क को शुरुआती चरण में ही बड़ा झटका लगा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं तथा जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं.