Vistaar NEWS

गुरुग्राम हिट एंड रन का आरोपी गिरफ्तार, दौसा में पकड़ा गया कल्याण बैंसला

कल्याण बैंसला को पुल‍िस ने किया गिरफ्तार

कल्याण बैंसला को पुल‍िस ने किया गिरफ्तार

Gurugram Hit And Run Accused: हर‍ियाणा के गुरुग्राम के चर्चित हिट एंड रन मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के आरोपी कल्याण बैंसला को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. पुलिस टीम अब आरोपी को गुरुग्राम लेकर आएगी.

पूरा मामला गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड का है. रविवार को एक महिला बाइक सवार अपनी स्पोर्ट्स बाइक से जा रही थी. इसी दौरान एक कार ने कथित तौर पर उसका पीछा किया और फिर बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि महिला सड़क पर गिरकर कई मीटर तक घिसटती चली गई. उसे चोटें आईं, घटना का वीडियो बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ.

वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए केस दर्ज किया और आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें लगाईं. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी राजस्थान की तरफ गया है, जिसके बाद टीम ने दौसा में कार्रवाई कर उसे पकड़ लिया.

पुल‍िस ने केस में जोड़ी गंभीर धाराएं

मामले में पुलिस ने अब गंभीर धाराएं भी जोड़ दी हैं. CCTV और दूसरे वीडियो की जांच के बाद आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा 109 BNS लगाने की बात सामने आई है. इस धारा में 10 साल तक की सजा का प्रावधान हो सकता है.

आरोपी कल्याण बैंसला ने क्‍या कहा?

आरोपी कल्याण बैंसला ने इससे पहले खुद को निर्दोष बताते हुए कहा था कि उसने जानबूझकर महिला को टक्कर नहीं मारी है. उसका दावा था कि वह कार से नियंत्रण खो बैठा था. हादसे के बाद मौके पर रुकने से इसलिए डर गया क्योंकि वहां मौजूद लोग उसे पीट सकते थे. वहीं, महिला बाइक सवार ने आरोपी के इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो में पूरी घटना साफ दिखाई दे रही है.

अब आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ करेगी. जांच में यह पता लगाने की कोशिश होगी कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई.

ये भी पढ़ें:सुवेंदु के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद अब मां को मिला टिकट, नंदीग्राम से BJP बनाया प्रत्याशी

Exit mobile version